{"_id":"68a4da1113fd2846510b580e","slug":"when-the-truck-applied-brakes-the-canter-and-the-car-collided-karnal-news-c-18-knl1008-718708-2025-08-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"Karnal News: ट्रक ने लगाए ब्रेक तो भिड़े कैंटर और कार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Karnal News: ट्रक ने लगाए ब्रेक तो भिड़े कैंटर और कार
विज्ञापन
131....हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार
- फोटो : खाद के लिए प्रदर्शन करते किसान।
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर कर्ण लेक के समीप मंगलवार को आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगने पर पीछे से कैंटर और कार भिड़ गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि बीच में फंसा कैंटर का कैबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल है, जिसे बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं दिल्ली की कार भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। हादसे के कारण जाम की भी स्थिति बन गई।
दिल्ली निवासी अखिल ने बताया कि वे मंगलवार को सुबह दिल्ली से चंडीगढ़ जा रहे थे। कर्ण लेक के नजदीक पुल पर जैसे ही पहुंचे तो उनके आगे चल रहे ट्रक ने ब्रेक लगा दिए, इसके बाद तेज रफ्तार कैंटर उसमें पीछे से भिड़ गया। अचानक ब्रेक लगने पर उनकी कार भी असंतुलित होकर कैंटर में पीछे जा टकराई। इससे उन्हें भी हल्की चोटें आई हैं। उनकी कार भी क्षतिग्रस्त हुई है। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कैंटर और कार को हाइड्रा की मदद से हटवाकर यातायात को सुचारू किया।
विज्ञापन
जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक गाड़ी लेकर मौके से चला गया था। हादसे में कैंटर का ज्यादा नुकसान हुआ है। पूरी ही सड़क पर कांच बिखर गया। हादसे में कैंटर का चालक बीच में ही फंस गया था, जिसे लोगों की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। ब्यूरो
विज्ञापन
सोमवार को भी भिड़ी थी पांच गाड़ियां
राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर कर्ण लेक के समीप सोमवार को भी हादसा हुआ था। तब आगे चल रहे वाहन के अचानक ब्रेक लगने से पीछे आ रही पांच गाड़ियां भिड़ गई। इस हादसे में दो कारें आगे और पीछे से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई थी और दो लोगों को हल्की चोटें भी आई थी। तब भी हादसा होने के कारण कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति भी बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाया और यातायात को सुचारू किया था।
तंग पुल पर सामान जल में प्रवाहित करने के लिए रुकते हैं वाहन
छह लेन के हाईवे पर कर्ण लेक का पुल एक तरफ से महज दो लेन का ही है। पश्चिमी यमुना नहर में पूजा व अन्य सामग्री को जल प्रवाहित करने के लिए लोग यहां पर रुकते हैं। कई बार वाहन चालक अचानक ब्रेक लगा देते हैं इसलिए हादसा हो जाता है। स्थानीय निवासी विवेक, सूरज और अंकुश ने बताया कि पुल पर वाहन खड़ा होने से जाम की स्थिति भी बन जाती है। ऐसा कोई दिन नहीं जब हादसा न होता हो। प्रशासन को यहां पर सख्ती करनी चाहिए।

131....हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार- फोटो : खाद के लिए प्रदर्शन करते किसान।