Haryana: 20 साल की विवाहिता ने फंदा लगाकर किया सुसाइड, दो माह पहले की थी लव मैरिज, पति और सास पर केस दर्ज
20 वर्षीय कमलदीप कौर की मैरिज को अभी दो माह ही हुए थे कि उसने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। कमलदीप कौर ने गौरव नाम के शख्स से प्रेम विवाह किया था। मायका पक्ष ने सुसराल पक्ष पर हत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
विस्तार
सौंगल गांव में 20 वर्षीय कमलदीप कौर ने मंगलवार रात में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। करीब दो महीने पहले ही पटियाला की कमलदीप कौर ने गौरव से प्रेम विवाह किया था। विवाहिता के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर उनकी बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो माह पहले की थी लव मैरिज
मृतका की मां पटियाला निवासी रानी कौर ने राजौंद थाने में दी शिकायत में बताया कि उनकी 20 वर्षीय बेटी कमलदीप कौर ने दो महीने पहले गांव सौंगल के रहने वाले गौरव से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद वह पटियाला से सौंगल आई थी। रानी कौर ने बताया कि कुछ दिन पहले भी युवक ने उसकी बेटी के साथ झगड़ा किया, लेकिन बाद में समझा-बुझाकर सहमति करवा दी गई। उसके बाद फिर से लड़की से मारपीट की गई और पति ने उसे तंग किया। उसी के कारण बेटी ने यह कदम उठाया। उन्होंने कहा कि 29 जुलाई को उसने अपने घर में पंखे पर फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। परिजनों ने सास व पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए हैं। वहीं ससुराल पक्ष ने इन आरोपों को नकार दिया है।
मृतका का पति था टैक्सी चालक
पीड़िता की मां रानी कौर ने बताया है कि पांच दिन पहले वह सौंगल में कोथली देने के लिए आई थी जब कमलजीत कौर ने अपनी मां को घर से ले जाने के लिए कहा था। इस पर उसने अपनी बेटी से कहा मैं तुमसे मिलने आई हूं घर ले जाने के लिए नहीं आई हूं। गौरव टैक्सी चलाने का काम करता है और वह दो से तीन दिन पहले सवारियां लेकर पटियाला की तरफ गया था। कमलजीत कौर के आत्महत्या करने के मामले में लड़के के घर वालों ने सभी आरोपों को झूठा बताया है।
राजौंद थाना में कार्यरत मामले के जांच अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामले में विवाहिता के पति और सास के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें: यमुनानगर में पतंग पकड़ते समय हादसा: हाईटेंशन तार की चपेट में आए 3 बच्चे, एक की मौत; 8वीं में पढ़ता था मृतक