उचाना। उचाना मंडी प्रधान पद के लिए चुनाव रविवार को महाराजा अग्रसेन मंदिर धर्मशाला में हुआ। चुनाव में मा. रामप्रसाद, मा. शीशपाल की देखरेख में मतदान संपन्न हुआ। पांच सदस्यों कमेटी सदस्य हवा सिंह करसिंधु, वीरेंद्र प्रधान, रामदत्त डाहोला, दलबीर खेड़ी मंसानिया, राजेंद्र की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया हुई।
चुनाव के मध्यनजर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल चुनाव शुरू होने से गिनती तक तैनात रहा। चुनाव में 83 मतों से विकास नचार ने जीत दर्ज। महाराजा अग्रसेन मंदिर धर्मशाला में हुए चुनाव में लाइसेंस धारक 324 आढ़तियों द्वारा अपने मत का प्रयोग करना था। 315 आढ़तियों द्वारा अपने मत का प्रयोग किया। विकास नचार को 199 मत मिले, जबकि वेदप्रकाश उचाना खुर्द को 116 मत मिले। 83 मतों से ये चुनाव विकास नचार ने जीता। अब तक हुए उचाना मंडी के प्रधान पद के चुनाव में ये सबसे बड़ी जीत है। चुनाव जीतने के बाद वेदप्रकाश के पांव छूकर विकास नचार ने आशीर्वाद लिया। सुबह नौ बजे चुनाव को लेकर मतदान शुरू हो गया था। तीन बजे तक मतदान प्रक्रिया चली। पंद्रह मिनट के बाद चुनाव परिणाम गिनती के बाद घोषित कर दिया गया। एक-एक वोट को पोल करवाने के लिए दोनों उम्मीदवारों के समर्थक लगे हुए थे। विकास नचार ने कहा कि जो जिम्मेदारी चुनाव में विजयी बना कर आढ़तियों ने सौंपी है वो उसको निष्ठा से निभाने का काम करेंगे। ये जीत सभी की जीत है। सभी से मिलकर आढ़तियों, किसानों को आने वाले फसल के सीजन संबंधित समस्याओं को दूर किया जाएगा।