अलेवा। नगूरां गांव में पानी की किल्लत पर शनिवार को महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने जींद-कैथल मार्ग पर गांव के बस अड्डे के पास जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही अलेवा थाना प्रभारी बीरबल सिंह और जलापूर्ति विभाग के जेई दिनेश खटकड़ मौके पर पहुंचे और महिलाओं को 15 दिन में कॉलोनी में सबमर्सिबल लगवाने का आश्वासन देकर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
जाम लगाने के दौरान महिलाओं ने अलेवा थाना प्रभारी बीरबल सिंह व जेई दिनेश खटकड़ को बताया कि काफी प्रयासों के बाद विभाग द्वारा कॉलोनी में पीने के पानी के लिए पाइप लाइन बिछाई थी, लेकिन पाइप लाइन के बिछे होने के काफी समय बाद भी अभी तक विभाग ने पाइप लाइन में पानी नहीं छोड़ा है। पीने का पानी न मिलने को लेकर कालोनी के लोग अनेक बार संबधित विभाग के अधिकारियों के यहां दस्तक दे चुके हैं, लेकिन अधिकारियों द्वारा उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया। हर बार विभाग के अधिकारी एक-दो दिन में कॉलोनी में पीने के पानी की समस्या का समाधान करने की बात कहकर कालोनी के लोगों को केवल आश्वासन दे रहे हैं। यही नहीं कालोनी की महिलाएं पीने के पानी के लिए अनेक बार नगूरां चौंकी में फरियाद कर चुकी हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान न होने के कारण महिलाओं को पीने के पानी के लिए दूर-दराज खेतों का रूख करना पड़ता है।