जींद। करनाल में सात से नौ जनवरी तक आयोजित राज्यस्तरीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जींद के खिलाड़ियों ने अपनी शानदार प्रदर्शन क्षमता से जिले का मान बढ़ाया। इस प्रतियोगिता में उन्होंने कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। 4*400 मीटर मिक्स रिले में जींद की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। टीम में आशा, तमन्ना, मनीष और सौरभ शामिल थे।
इसके अलावा, आशा ने 100 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी मेहनत और कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। तमन्ना ने 800 मीटर दौड़ में कांस्य पदक प्राप्त कर जिले के लिए एक और सफलता जोड़ी। महिलाओं की 4*100 मीटर रिले टीम ने रजत पदक जीता है। टीम में आशा, तमन्ना, छवि और तुलसी शामिल थी। सूर्य चोहान ने 110 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। जबकि जसबीर ने 3000 मीटर स्टीपलचेस में पहला स्थान प्राप्त कर अपनी एथलेटिक योग्यता का प्रदर्शन किया। कुसुम ने लंबी कूद में रजत पदक जीतकर जिले के पदकों की सूची में एक और सफलता जोड़ी। जिला एथलेटिक्स कोच बीरबल दूहन ने खिलाड़ियों की सफलता को उनकी कड़ी मेहनत और जिला खेल अधिकारी रामपाल हुड्डा के प्रेरणादायक मार्गदर्शन का नतीजा बताया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।