किसानों की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। प्रदेश सरकार गिरने से केंद्र सरकार झुकेगी। सरकार गिरते ही कृषि कानून रद्द होंगे। यह बात टीकरी बॉर्डर से घर पहुंचे गांव चुहड़पुर निवासी किसान रोशन सिंह के निधन पर सोमवार को शोक प्रकट करने पहुंचे सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कही। इस मौके पर दीपेंद्र ने मृतक किसान के परिजनों को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार आने के बाद किसान के किसी एक परिजन को सरकारी नौकरी दी जाएगी। जानकारी के लिए एक सप्ताह पहले किसान रोशन सिंह की हृदयगति रुकने से मौत हो गई थी।
दीपेंद्र ने कहा कि निर्दलीय विधायकों के साथ-साथ जजपा के विधायकों को भी इस्तीफा देना चाहिए। कांग्रेस सरकार शुरू से ही किसानों के साथ थी और आगे भी रहेगी। केंद्र सरकार को बातचीत के माध्यम से इसका तुरंत हल निकालना चाहिए। इस अवसर पर जिला पार्षद दिनेश डाहौला, रणधीर नंबरदार, बलजीत रेढू, बलराम कटवाल व अन्य मौजूद रहे।