एशियन गेम्स: पलक गुलिया ने एक दिन में जीते दो-दो पदक, दादी बोलीं- म्हारी छोरी ने चीन में लठ्ठ गाड़ दिया
हरियाणा के खिलाड़ी एशियाई खेलों में बेहतर प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। इस कड़ी में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक और 10 मीटर एयर पिस्टल महिला टीम स्पर्धा में झज्जर की पलक गुलिया ने रजत पदक जीता है।
विस्तार
बहादुरगढ़ के निमाणा गांव की पलक गुलिया ने एक ही दिन में दो-दो पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। खेल के दौरान पूरा गांव और क्षेत्र खेलों के प्रसारण को देखता रहा। ग्रामीण एक मिनट के लिए टीवी से दूर नहीं हुए और पलक के परिजनों के साथ सामूहिक तौर पर खेल का आनंद लिया। जैसे ही पलक ने निशाना साधकर देश की झोली में दूसरे पदक के तौर गोल्ड मेडल डाला तो पूरा गांव झूम उठा। निमाना गांव में चोरों तरफ बम पटाखे छुड़ाए गए और जश्न मनाकर एक दूसरे को बधाई दी।
देवताओं को मनाकर बेटी को भेजा था चीन: दादी
घर पर पलक की दादी, मां, चाचा, चाची, बहनें और भाई मौजूद रहे और ग्रामीणों की भीड़ भी घर पर सुबह से ही देखने को मिली। पहले भारतीय ट्रिपल के 10 मीटर में रजत पदक हासिल किया तो पूरा गांव पलक के घर बधाई देने के लिए उमड़ गया। खुशी का सिलसिला यहीं नहीं रुका बल्कि कुछ ही देर बाद पलक का एकल मुकाबला भी हुआ जिसे देखने के लिए ग्रामीणों की सांसें रुक गई।
परिजनों ने अब ओलंपिक खेलों पर निशाना साधने की जताई उम्मीद
लेकिन पलक ने एशियाई खेलों में रिकार्ड के साथ गोल्ड मेडल हासिल किया तो ग्रामीणों की खुशी दोगुनी हो गई। एक ही दिन में रजत और स्वर्ण हासिल करने पर परिजनों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। पलक की दादी सावित्री ने पलक की मेहनत पर देवताओं का आशीर्वाद बताया और हरियाणवीं बोली में कहा कि म्हारी छोरी ने लठ्ठ गाड़ दिया है...। चाची ज्योति और निर्मला ने बताया कि जिस उम्मीद के साथ पलक मेहनत कर रही थी वह पूरी हो गई है जबकि पलक की बुआ बहन सोनिका और निशा का कहना है कि एशियाई खेलों के बाद अब ओलंपिक पर निशाना साधा जाएगा।
एयर पिस्टल में बेमिसाल है 17 वर्षीय पलक गुलिया
इससे पहले खेलो इंडिया शूटिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। पलक ने भोपाल स्थित शूटिंग अकादमी में आयोजित खेलो इंडिया शूटिंग चैंपियनशिप में अचूक निशाना साधा था। मात्र 15 वर्ष की उम्र से ही पलक देश के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर तालिका में नंबर दो पर है। पलक के चाचा जगबीर निमाणा ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ की ओर से आयोजित जूनियर विश्व कप की 10 मीटर स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था।
पिछले वर्ष दिल्ली और भोपाल में भी चयन प्रक्रिया के दौरान क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। चांगवान में आयोजित आईएसएसएफ शूटिंग विश्वकप 2022 में रजत पदक जीता। मिश्रित स्पर्धा में शिव नरवाल के साथ जोड़ी में कांस्य पदक पर कब्जा जमाया है। पलक और शिव नरवाल की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा के तीसरे स्थान के प्ले ऑफ में जीत दर्ज करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। मिश्रित एयर पिस्टल स्पर्धा में पलक और शिव की जोड़ी ने इरिना लोकतियोनोवा और वालेरी रकीमझान की कजाखिस्तान की जोड़ी को एकतरफा मुकाबले में 16-0 से शिकस्त दी थी। लेवल पर अंडर-18, अंडर-21 और सीनियर श्रेणी में पलक नंबर-1 है।
#WATCH | Family and relatives of Palak Gulia, who won Gold medal in the women's 10m air pistol individual event and Silver Medal in the 10m Air Pistol Women's team event at the 19th Asian Games in China, celebrate her success in Haryana's Jhajjar pic.twitter.com/xMnWL4tjya
— ANI (@ANI) September 29, 2023