फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Jhajjar/Bahadurgarh News ›   सात माह से बनी सीवर ओवरफ्लो की समस्या पर दुकानदारों का फूटा गुस्सा, नारनौल-दिल्ली मुख्यमार्ग पर लगाया जाम

सात माह से बनी सीवर ओवरफ्लो की समस्या पर दुकानदारों का फूटा गुस्सा, नारनौल-दिल्ली मुख्यमार्ग पर लगाया जाम

Wed, 13 Feb 2019 01:07 AM IST
Rohtak Bureau रोहतक ब्यूरो
Updated Wed, 13 Feb 2019 01:07 AM IST
विज्ञापन
सात माह से बनी सीवर ओवरफ्लो की समस्या पर दुकानदारों का फूटा गुस्सा, नारनौल-दिल्ली मुख्यमार्ग पर लगाया जाम

विज्ञापन
चरखी दादरी। ढाणी फाटक पर पिछले सात माह से बनी सीवर ओवरफ्लो की समस्या से परेशान दुकानदारों का गुस्सा मंगलवार सुबह फूट पड़ा। जन स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली से खफा दुकानदारों ने नारनौल-दिल्ली मुख्यमार्ग पर ढाणी फाटक आरओबी पर जाम लगा दिया। इसके चलते मुख्यमार्ग की ट्रैफिक व्यवस्था बाधित हो गई। जानकारी पर विभाग के जेई ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों को दस दिन के अंदर समस्या का स्थायी समाधान कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इससे पहले करीब 20 मिनट तक मुख्यमार्ग की ट्रैफिक व्यवस्था बाधित रही और पुलिस कर्मचारी जाम खुलने के बाद ट्रैफिक व्यवस्था बहाल करवाकर वापस लौटे।
ढाणी फाटक आरओबी के साथ सर्विस लेन पर पिछले सात माह से सीवर ओवरफ्लो कर रहा है। इसके चलते दुकानों के सामने सीवर का दूषित पानी जमा है। इससे जहां वातावरण दुर्गंधमय बना हुआ है तो वहीं दुकानों में बैठना भी मुश्किल हो रहा है। पिछले सात माह से इसके चलते स्थानीय दुकानदारों की ग्राहकी भी प्रभावित हो रही है। दुकानदार अनिल, दिनेश, आशीष, उमेश, संजय, शंकर, रामकिशन, धर्मेंद्र, जोगेंद्र व राहुल ने बताया कि पिछले कई माह से यह समस्या बनी है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी समाधान न होने के चलते मजबूरी वश दुकानदारों ने जाम लगाया है।
विज्ञापन

इससे पहले करीब दस बजे दुकानदार एकत्र होना शुरू हुए और सवा दस बजे कालेज की तरफ आरओबी पर आ पहुंचे। दुकानदारों ने सड़क पर अवरोधक डालकर यातायात व्यवस्था बाधित कर दी। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। इसी दौरान दो समीपवर्ती क्षेत्र में तैनात दो पीसीआर भी वहां पहुंच गई। पुलिस कर्मियों ने मामले की जानकारी जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी दी। इसके बाद जेई मनोज रोहिल्ला मौके पर पहुंचे और उन्होंने दस दिन के अंदर समस्या का स्थायी समाधान कराने का आश्वासन दुकानदारों को दिया। जेई ने बताया कि यहां मैनहॉल क्षतिग्रस्त है और विभाग बुधवार को सबसे पहले यहां से पानी की निकासी कराएगा और इसके बाद पाइप लाइन बिछाकर दूसरे सीवर में मुख्य लाइन का कनेक्शन कर क्षतिग्रस्त सीवर मैनहॉल को दुरुस्त करवाया जाएगा। इसके बाद दुकानदारों की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। इस आश्वासन पर दुकानदार जाम खोलने को तैयार हो गए और करीब दस बजकर 35 मिनट पर जाम खोल दिया। इसके तुरंत बाद पुलिस कर्मियों ने वहां की ट्रैफिक व्यवस्था को बहाल करवा दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

बाक्स: डीसी-एसपी ऑफिस पहुंचकर दी थी जाम की चेतावनी
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि पिछले एक माह में चार बार जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मिलकर शिकायत सौंप चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने सीएम विंडो पर शिकायत लगाई तो भी नतीजा सिफर रहा। कार्रवाई न होने पर ही दुकानदारों ने जाम लगाने का निर्णय लिया था और इसके लिए तीन दिन पहले उन्होंने डीसी-एसपी ऑफिस पहुंचकर जाम की चेतावनी दे दी थी। इसके बाद भी समाधान न होने पर मजबूरी वश उन्होंने जाम लगाया है।
बाक्स: दुकानदार बोले: इस बार नहीं होने देंगे खानापूर्ति
-- यह समस्या पिछले लंबे समय से बनी है लेकिन समाधान के नाम पर विभाग खानापूर्ति कर देता है। इस बार ऐसा नहीं होने देंगे और समस्या का स्थायी समाधान ही करवाएंगे।
छोटू मकलव, दुकानदार
- समस्या से विभागीय अधिकारियों को दुकानदार कई दफा अवगत करवा चुके हैं लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं किया गया है। इस बार उम्मीद है कि समस्या से निजात मिल जाए।
निरंजन, दुकानदार
-- करीब 30 से 40 दुकानों के आगे सीवर का पानी जमा है। जलभराव से दुकानों में आनेजाने का रास्ता तक नहीं है। इसका असर ग्राहकी पर पड़ रहा है और हम नुकसान झेल रहे हैं।
महावीर, दुकानदार
-- पिछले सात से यह समस्या बनी है लेकिन अब तक स्थायी समाधान विभाग ने नहीं किया है। इस बार जेई अपने आश्वासन पर खरा नहीं उतरे तो दुकानदार और कड़ा कदम उठाने को विवश होंगे।

सत्यदेव, दुकानदार

जाम की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गया था। दुकानदारों को आश्वासन देकर तुरंत जाम खुलवा दिया था। विभाग दस दिन के अंदर समस्या का स्थायी समाधान कर देगा।
मनोज रोहिल्ला, जेई, जन स्वास्थ्य विभाग
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed