चरखी दादरी। गांव डुडीवाला नंदकरण के ग्रामीणों ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक से उनके कार्यालय में राजीव गांधी पंचायती राज चेयरमैन सुमित शर्मा के नेतृत्व में मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने करीब आठ दिन पहले चोरी हुई तीन भैंसों की बरामदगी के लिए ज्ञापन सौंपा। लोगों ने अब तक की पुलिस कार्रवाई पर असंतुष्टता जाहिर की। ग्रामीणों ने बताया कि पशु पालक मतलेस के घर से चोर 12 सितंबर की रात को दीवार तोड़कर तीन भैंस चोरी कर ले गए थे। इस घटना की रिपोर्ट पीड़ित ने 13 सितंबर को बाढ़डा थाने में दर्ज करवाई थी। इसके बाद उस थाने के एसएचओ ने मौका मुआयना किया और जल्द ही कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन आज इस चोरी की घटना को सप्ताह भर से अधिक समय हो चुका है। पुलिस अब तक न तो चुराई गई भैंस बरामद कर पाई है और न ही आरोपी का पता लगा पायी है। इस दौरान ग्रामीणों ने डीएसपी को शिकायत पत्र सौंपकर जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने व भैंसों की बरामदगी की गुहार लगाई। इस अवसर पर पूर्व सरपंच धर्मपाल, चेयरमैन महेंद्र, मुंशी सरपंच, राजकुमार सरपंच, पूर्व पंच अशोक, मोहन लाल, बंशी, महेश ठेकेदार, दिनेश, मनोज, शिव कुमार, दरिया सिंह, प्रदीप, देशराज आदि उपस्थित रहे।