फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Hisar News ›   The roads of Urban Estate Two will be submerged again in monsoon

Hisar News: मानसून में फिर डूबेंगी अर्बन एस्टेट टू की सड़कें

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Wed, 16 Apr 2025 12:26 AM IST
विज्ञापन
The roads of Urban Estate Two will be submerged again in monsoon
 अर्बन स्टेट की ओर जाने वाला रास्ता‌।
हिसार। अर्बन एस्टेट टू के लोगों को इस मानसून सीजन में भी जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। हालांकि एरिया में नई बरसाती लाइन बिछाने का काम टेंडर खुल गया है और एजेंसी अगले माह से काम भी शुरू कर देगी। मगर यह काम इस साल के अंत तक पूरा होगा। ऐसे में इस प्रोजेक्ट का फायदा एरिया के लोगों को अगले मानसून सीजन में ही मिल सकेगा।
विज्ञापन

बता दें कि अर्बन एस्टेट टू को करीब चार दशक पहले बसाया गया था। सीवरेज लाइनें हैं, लेकिन बरसाती पानी की निकासी के लिए पुख्ता प्रबंध नहीं होने से यहां के बाशिंदे कई सालों से जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। आलम यह है कि थोड़ी सी बारिश होते ही सड़कों पर घुटनों तक पानी भर जाता है। मुख्य सड़कों का पानी घरों के आगे भरने लगता है। इस समस्या के कारण लोगों के घरों तक में बरसाती पानी भर जाता है। इस समस्या से बचने के लिए लोगों ने घरों के आगे ऊंचे रैंप बना रखे हैं। हालांकि इससे सड़कों का पानी तो घर में नहीं घुसता, लेकिन घर के अंदर का पानी जब तक सड़कों का पानी उतर नहीं जाए अंदर ही रहता है।
विज्ञापन

आचार संहिता लागू होने से नहीं खुल सका टेंडर
नगर निगम ने इस प्रोजेक्ट के लिए जनवरी में टेंडर लगाया था, जो 7 फरवरी को खुलना था। मगर इससे पहले ही 3 फरवरी को आचार संहिता लग गई, जिस कारण प्रोजेक्ट खोला नहीं जा सका। आचार संहिता हटने के बाद टेंडर को खोला गया। अब अधिकारियों ने वित्तीय बोली की भी जांच कर ली है। अब रेट अप्रूवल के लिए चीफ इंजीनियर के पास भेजे जाएंगे। वहां से मंजूरी मिलने के बाद टेंडर अलॉट किया जाएगा और फिर एजेंसी के बैंक गारंटी देने के बाद वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा। इस पूरे काम में कम से कम 15 से 20 दिन का समय लग जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

प्रोजेक्ट पर खर्च होंगे 9.59 करोड़ रुपये
इस प्रोजेक्ट के तहत अर्बन एस्टेट टू में 17237 मीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएगी, जिस पर 9.59 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पानी निकासी के लिए 400, 500, 600 व 900 एमएम की पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा एक इंटर मीडिएट पंपिंग स्टेशन बनाया जाएगा, जो एक जगह एकत्रित हुए पानी का उठान कर आगे की तरफ धकेलेगा। इसमें एक स्क्रीनिंग चैंबर भी बनाया जाएगा, जिसका काम पानी में से मिट्टी, कंकड़ व अन्य कचरे को अलग करना होगा। साथ ही एक पंप चैंबर का निर्माण किया जाएगा। इस सिस्टम का संचालन करने वाले कर्मचारियों के लिए स्टाफ क्वार्टर भी बनाए जाएंगे। इसके साथ ही मॉडल टाउन के गुरुद्वारा रोड पर भी बरसाती पानी निकासी की लाइन बिछाई जाएगी। इस लाइन के जरिये अर्बन एस्टेट टू के अलावा डीसी-एमसी कॉलोनी के बरसाती पानी को तोशाम रोड स्थित डिस्पोजल पर भेजा जाएगा।

आचार संहिता लगने से टेंडर खोलने में बाधा आई। अब सारी औपचारिकताएं पूरी कर काम जल्द से जल्द शुरू करवाया जाएगा। - नीरज, निगमायुक्त
------------

अगर इस प्रोजेक्ट का काम बारिश से पहले पूरा नहीं होता है तो निगम को अर्बन एस्टेट टू में ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए कि इस मानसून सीजन में लोगों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े। - राकेश आर्य, महासचिव, आरडब्ल्यूए, अर्बन एस्टेट टू
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed