हरियाणा: पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में हुई मध्यम से हल्की बारिश, आज भी आसार
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिला, पूरा दिन प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर बारिश हुई, जिससे ठंड भी बढ़ी। बारिश के साथ-साथ तेज हवा ने भी लोगों को परेशान किया।
विस्तार
पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान तेज गति से हवाएं भी चलीं। हालांकि कई जिलों में बुधवार देर रात ही मौसम में परिवर्तन आने से बूंदाबांदी से लेकर हल्की बारिश हुई। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. एमएल खीचड़ के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से प्रदेश के उत्तर व पश्चिमी क्षेत्रों में 4 फरवरी को बादलवाई और कहीं-कहीं गरज-चमक व हवाओं के साथ बूंदबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना रहेगी।
अभी तक फसलों को नहीं हुआ नुकसान
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के अनुसंधान निदेशक डॉ. रामनिवास के अनुसार अभी तक ज्यादा बारिश नहीं हुई है, जिस कारण से फसलों को नुकसान नहीं हुआ है। अगर हवाओं के साथ तेज बारिश भी होती तो फसलों को नुकसान जरूर होता। हालांकि इस समय गेहूं व सरसों को पानी की जरूरत नहीं है। डॉ. रामनिवास ने बताया कि फिलहाल सरसों की फसल में बीज की बढ़वार चल रही है। वहीं गेहूं की फसल में तना बनने की प्रक्रिया चल रही है। करीब 10 दिनों के बाद गेहूं में बालियां बनने की प्रक्रिया शुरू होगी।
प्रदेश में हुई बारिश का आंकड़ा
जिला सुबह साढ़े 8 बजे तक बारिश सुबह साढ़े 8 बजे के बाद बारिश
- अंबाला 8.2 1.0
- हिसार 0.2 0.1
- करनाल 5.2 0.0
- रोहतक 1.2 3.0
- सिरसा 2.0 0.0
- फतेहाबाद 0.5 0.0
- कैथल 2.5 0.0
- कुरुक्षेत्र 13.0 3.5
- सोनीपत 4.0 0.0
- यमुनानगर 4.5 21.5
- गुरुग्राम 0.0 1.0
- भिवानी 0.0 0.6