हांसी। सीलिंग प्लान के दौरान पुलिस ने 1457 वाहनों को चेक करके 87 वाहनों के चालान किए। इसमें रंग-बिरंगी लाइट व लेन चेंज के भी चालान किए गए। शाम चार बजे से लेकर रात आठ बजे तक जिले में सीलिंग प्लान चलाया गया। इस दौरान 28 नाके लगाए गए।
इस दौरान बिना हेलमेट के दो चालान, नो पार्किंग के दो चालान, बिना नंबर प्लेट का एक, बिना पैटर्न नंबर प्लेट के दो चालान, तेज गति के 14 चालान, लेन चेंज ड्राइविंग के 39 चालान, रेड ब्ल्यू लाइट के नौ चालान व अन्य यातायात के नियम तोड़ने वालों के 18 चालान किए गए। सीलिंग प्लान के दौरान दो व्यक्तियों को तीन किलो 200 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। सट्टा खाइवाल करते हुए तीन व्यक्तियों को 9310 रुपये सहित गिरफ्तार किया। अलग-अलग स्थानों से 6 व्यक्तियों को 63 अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया व उनके खिलाफ थानों में शराब अधिनियम के तहत अभियोग अंकित किया। एक व्यक्ति को चोरी की मोटरसाइकल के साथ गिरफ्तार कर आरोपी के खिलाफ अभियोग अंकित किया गया। 11 व्यक्ति संदिग्ध मिले जिनको पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।