100 खिलाड़ियों ने बनाया ग्रुप, 80 हजार रुपये जुटा बना दिया मैदान, अब निकल रहे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी
भले ही सरकार से मदद न मिली हो, मगर लाडवा के खिलाड़ियों ने हिम्मत नहीं हारी। 100 खिलाड़ियों ने एक ग्रुप बनाया और रुपये इकट्ठा करने शुरू किए। किसी ने 100, 200 तो किसी ने 500 रुपये मिलाए और हैंडबाल में अपना करियर बनाने की ठान ली। खिलाड़ियों के इसी जुनून के चलते 100 खिलाड़ियों से 80 हजार रुपये इकट्ठा हो गए और फिर स्कूल में खाली जगह पर हैंडबाल मैदान बनाने का काम शुरू कर दिया।
मैदान में पहले साफ-सफाई की गई और बुरादा से लेकर बालू मिट्टी, पेज, काली मिट्टी डलवाई और मैदान खेलने लायक बनाया। आज लाडवा के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में खिलाड़ियों द्वारा तैयार किए गए मैदान पर 150 खिलाड़ी देश के लिए पसीना बहा रहे हैं। इतना ही नहीं इस मैदान में प्रशिक्षण लेकर काफी खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक भी जीत चुके हैं।
लाडवा के खिलाड़ियों पर एक नजर
- मैदान में प्रैक्टिस करते हैं कुल 150 खिलाड़ी, जिसमें 100 लड़के और 50 लड़कियां शामिल
- राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके 70 खिलाड़ी
- राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके 50 से ज्यादा खिलाड़ी
- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके 8 खिलाड़ी
- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके 5 खिलाड़ी
- खिलाड़ियों को निशुल्क प्रशिक्षण दे रहे अशोक पूनिया, महावीर पूनिया और संदीप पूनिया
मिली हैंडबाल की खेल सामग्री
शुरुआत में खेल मैदान की बात की गई तो न तो खेल विभाग और न ही शिक्षा विभाग ने खिलाड़ियों की मदद की, जब खिलाड़ियों ने अपने स्तर पर खेल मैदान तैयार कर लिया तो उनके जज्बे को देखते हुए दोनों विभाग आगे आए और खेल सामग्री मुहैया करवाई। सरकार की ओर से गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल को स्पोर्ट्स मॉडल स्कूल भी घोषित कर दिया गया। ऐसे में अब उम्मीद है कि इसमें खिलाड़ियों को और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे जहां एक ओर पदकों की संख्या बढ़ेगी, वहीं खिलाड़ियों के प्रदर्शन में भी सुधार होगा।
कोच और खिलाड़ियों की मेहनत ला रही रंग
लाडवा के हैंडबाल खिलाड़ियों का शुरू से ही बेहतरीन प्रदर्शन रहा है। आज कोच और खिलाड़ियों की मेहनत भी रंग ला रही है। यहां कोच अशोक पूनिया, महावीर पूनिया और संदीप पूनिया खिलाड़ियों को सुबह-शाम निशुल्क प्रशिक्षण दे रहे हैं। कोच का कहना है कि उनका लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा इंटरनेशनल खिलाड़ी तैयार करना है। इसके लिए खिलाड़ियों के साथ वह खुद भी पसीना बहाते हैं। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर लाडवा के खिलाड़ियों को कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है।
आठ में से पांच खिलाड़ी जीत चुके इंटरनेशनल स्तर पर पदक
लाडवा के आठ खिलाड़ी इंटरनेशनल स्तर पर न केवल बेहतरीन प्रदर्शन कर चुके हैं, बल्कि पांच खिलाड़ी पदक भी जीत चुके हैं। इनमें संदीप पूनिया व अमित शर्मा ने स्वर्ण पदक, नवीन पूनिया व मोनिका पूनिया ने रजत पदक और रवि पूनिया ने कांस्य पदक जीता है। अजय श्योराण, खुशबू पूनिया और नवीन पंघाल इंटरनेशनल स्पर्धाओं में भाग ले चुके हैं।