{"_id":"6b0bf6071852eb128d09fcae","slug":"mp-jp-s-announcement-if-the-rohtak-seat-is-tampered-with-i-will-give-up-the-hisar-lok-sabha-seat-2026-11-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"सांसद जेपी का एलान: रोहतक सीट से छेड़छाड़ हुई तो हिसार की लोकसभा सीट छोड़ूगा, दीपेंद्र के लिए करूंगा कुर्बानी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सांसद जेपी का एलान: रोहतक सीट से छेड़छाड़ हुई तो हिसार की लोकसभा सीट छोड़ूगा, दीपेंद्र के लिए करूंगा कुर्बानी
Sun, 29 Nov 2026 03:23 PM IST
Naveen
संवाद न्यूज एजेंसी, हांसी (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, हांसी (हरियाणा)
Published by: Naveen
Updated Sun, 29 Nov 2026 03:23 PM IST
सार
हरियाणा में गन्ना किसानों के प्रदर्शन पर जेपी ने कहा कि सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है। गन्ने के भाव में मात्र 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी करना किसानों के साथ मजाक है। उन्होंने कहा कि किसानों को 600 रुपये प्रति क्विंटल से कम भाव स्वीकार नहीं है।
विज्ञापन
कांग्रेस सांसद जयप्रकाश जेपी
- फोटो : संवाद
-
- 1
-
Link Copied
विस्तार
हांसी रेस्ट हाउस पहुंचे हिसार से कांग्रेस सांसद जयप्रकाश जेपी ने परिसीमन, रोहतक लोकसभा सीट और सांसद दीपेंद्र हुड्डा को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि अगर परिसीमन के दौरान रोहतक लोकसभा सीट के साथ छेड़छाड़ की गई तो वह हिसार लोकसभा सीट छोड़ देंगे और खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगर दीपेंद्र हुड्डा हिसार से चुनाव लड़ना चाहेंगे तो वह उनके लिए अपनी सीट छोड़ने को तैयार हैं।
विज्ञापन
जेपी ने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा के लिए हरियाणा की किसी भी लोकसभा सीट के दरवाजे खुले हैं। वह प्रदेश में कहीं से भी चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा पांच बार के सांसद हैं और अभी उनकी उम्र 50 साल भी पूरी नहीं हुई है। ऐसे युवा और अनुभवी नेता को चुनाव छोड़ने की जरूरत नहीं है। वह क्षेत्र के विकास के लिए बेहतर काम कर सकते हैं और जनता भी उन्हें पसंद करती है।
विज्ञापन
रोहतक सीट से दीपेंद्र हुड्डा को टारगेट किए जाने के सवाल पर जेपी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के नेता सुबह से ही भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा के खिलाफ प्रचार शुरू कर देते हैं। पिछले पांच-छह महीनों से दीपेंद्र हुड्डा के खिलाफ लगातार दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए चुनाव में गड़बड़ी के आरोप भी लगाए।
विज्ञापन
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 135 करने की जरूरत क्या है? क्या इसकी मांग किसी राजनीतिक पार्टी ने की है या जनता ने इसकी मांग की है? जब न तो राजनीतिक दलों की मांग है और न ही जनता की, तो सरकार अपनी मर्जी से यह फैसला क्यों कर रही है? उन्होंने चेतावनी दी कि अगर रोहतक सीट के साथ बदले की भावना से छेड़छाड़ की गई तो भाजपा को इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
हांसी में सरपंचों के खातों से 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि निकलने के मामले पर सांसद जेपी ने प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरपंचों की इसमें क्या गलती है? ऑनलाइन भुगतान का सिस्टम सरकार ने लागू किया है तो उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सरकार की है। सरकार को बताना चाहिए कि आखिर सिस्टम में चूक कहां हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि केवल आरोपियों को पकड़ने से काम नहीं चलेगा, सिस्टम की विफलता की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
पंजाब में अकाली दल और भाजपा के गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए जेपी ने इसे अप्राकृतिक गठबंधन बताया। उन्होंने कहा कि जिस भाजपा ने तीन कृषि कानून पास करवाए थे, उसी के साथ अकाली दल अब गठबंधन कर रहा है। किसान आंदोलन के दौरान 730 किसानों की शहादत के बाद अकाली दल जनता को क्या जवाब देगा? उन्होंने दावा किया कि इस गठबंधन का दोनों पार्टियों को नुकसान होगा और पंजाब में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है। आगामी चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
हरियाणा में गन्ना किसानों के प्रदर्शन पर जेपी ने कहा कि सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है। गन्ने के भाव में मात्र 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी करना किसानों के साथ मजाक है। उन्होंने कहा कि किसानों को 600 रुपये प्रति क्विंटल से कम भाव स्वीकार नहीं है और कांग्रेस भी किसानों की इस मांग के साथ खड़ी है। उन्होंने एमएसपी पर 24 फसलों की खरीद के सरकार के दावे पर भी सवाल उठाए।
जेपी ने कहा कि कांग्रेस परिसीमन के खिलाफ नहीं है, बल्कि सरकार की मंशा और प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है। अगर 2011 की जनगणना के आधार पर महिला आरक्षण लागू करना है तो मौजूदा 543 लोकसभा सीटों पर ही इसे लागू किया जाए। उन्होंने लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ने से सरकारी खर्च और व्यवस्थाओं पर पड़ने वाले बोझ को लेकर भी सवाल उठाए। हरियाणा विधानसभा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जब मौजूदा 90 विधायकों के बैठने की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है तो 135 विधायकों को कहां बैठाया जाएगा?
इस दौरान जब सांसद जेपी से JJP की रैली को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने हास्य भरे अंदाज में माथे पर हाथ मारते हुए कहा- खत्म है यह पार्टी। उनके इस अंदाज ने बातचीत के दौरान राजनीतिक माहौल को और दिलचस्प बना दिया।
