जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने किया एलान - 29 से 19 जिलों में बेमियादी धरने
अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने केंद्र में आरक्षण की मांग व हरियाणा में आंदोलन के दौरान दर्ज हुए मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर 29 जनवरी से 19 जिलों में बेमियादी धरना शुरू करने का एलान कर दिया है। जाट धर्मशाला में हुई प्रदेश कार्यकारिणी की मीटिंग में समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने कहा कि धरने शांतिपूर्वक चलेंगे। गुरुग्राम, मेवात व पंचकूला को छोड़कर अन्य जिलों में धरने जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी तय की गई मांग पर नहीं है। हालांकि मुख्यमंत्री की ओर से बातचीत के लिए मैसेज मिलने की उन्होंने बात कही। मलिक ने कहा कि सरकार अगर कल ही उन पर दर्ज मुकदमे वापस ले ले तो धरने की कोई जरूरत ही नहीं रहेगी। जाटों पर 2131 मुकदमे हैं। इनमें अभी भी 65 युवा जेल में है। 25 हजार से ज्यादा लोगों के खिलाफ केस हैं। उधर प्रधानमंत्री केंद्र में आरक्षण दे आयोग से सुनवाई करवाए हम धरना नहीं लगाएंगे। वरना हमारा यूपी चुनाव में बीजेपी का विरोध जारी रहेगा। अगर सरकार ऐसा करती है तो हम विरोध बंद कर देंगे। मगर किसी पार्टी का प्रचार फिर भी नहीं करेंगे।
गलती अफसरों की नहीं नेताओं व मंत्रियों की है
पत्रकारों के पूछे गए सवाल पर यशपाल ने कहा कि सरकार अगर अफसरों को बहाल कर रही है तो अच्छी बात है। गलती अफसरों की नहीं नेताओं व मंत्रियों की है। जिन्होंने सही समय पर उन्हें ठीक डायरेक्शन नहीं दी। समिति पहले भी और अब भी शांतिपूर्वक धरना देगी। 36 जाति के लोग इसमें शामिल होंगे। सबके साथ मिलकर प्रदेश की जनता का हमदर्द बांटेंगे। सभी खाप व संगठनों से सहयोग मांगा जाएगा।
यूपी चुनाव पर बोले
यशपाल मलिक ने कहा कि जाटों के विरोध को साथ लेकर बीजेपी यूपी में 2 अंकों से ऊपर सीट नहीं निकाल सकेगी। 1991-1996 के बाद कभी बीजेपी की सरकार नहीं आई। उन्होंने कहा कि जाट नाराज होता है तो बीजेपी पश्चिमी उत्तर प्रदेेश में पांच दस सीट से ज्यादा नहीं ले सकती। उन्होंने सांसद राजकुमार सैनी के बारे में कहा कि वे तो बेवकूफ वाली बातें करते हैं। उसे ये ही नहीं पता कि देश में कितनी जाति हैं।
अशोक बल्हारा बने राष्ट्रीय महासचिव
कार्यकारिणी की मीटिंग में एडवोकेट अशोक बल्हारा को राष्ट्रीय महासचिव व हरियाणा प्रभारी बनाया गया। पानीपत से प्रताप दहिया को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया। प्रदेश प्रवक्ता रामभगत मलिक ने बताया कि आंदोलन शुरू होने से पहले प्रदेश कार्यकारिणी की लिस्ट आ गई है। जल्द ही नामों की घोषणा होगी।
चुनाव से 10 दिन पहले देंगे एग्जिट पोल
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दावा किया है कि वे चुनाव से 10 दिन पहले आईबी के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी को यूपी चुनाव का एग्जिट पोल भेज देंगे। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले वर्ष 2013 में हमने दिल्ली में 45 सीटों और राजस्थान में 65 सीटों का एग्जिट पोल दे दिया था। हमारा एग्जिट पोल 99 प्रतिशत सही निकलेगा।