{"_id":"5831e1ea4f1c1b5701b39a51","slug":"hssc-exam-hisar-hisar","type":"story","status":"publish","title_hn":"परीक्षा देने आई महिलाएं देर रात खड़ी रहीं बस के इंतजार में ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
परीक्षा देने आई महिलाएं देर रात खड़ी रहीं बस के इंतजार में
अमर उजाला ब्यूरो/हिसार
Updated Sun, 20 Nov 2016 11:18 PM IST
विज्ञापन
पिथौरागढ़ बस स्टेशन में उमड़ी यात्रियों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा राज्य कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों को देर रात तक बस के इंतजार में बस स्टैंड पर खड़े रहना पड़ा। इन परीक्षार्थियों में 30-35 के करीब महिलाएं भी शामिल थीं। इससे परीक्षार्थियों को खासी परेशानी हुई। बाद में रात दस बजे तक बस नहीं आने पर होटलों और धर्मशाला की ओर रुख करना पड़ा। इससे पहले लिखित परीक्षा समाप्त होते ही शाम 5 बजे परीक्षार्थी बस स्टैंड पर पहुंचे। सरल पेपर आने से सबके चेहरों पर खुशी थी, लेकिन धीरे-धीरे यह खुशी गायब हो गई। दरअसल चंडीगढ़ जाने वाली तीन बसें नहीं आईं। इसलिए चंडीगढ़ जाने वाली बसों का घंटों तक इंतजार करते रहे। इस पर युवा काफी आक्रोशित भी नजर आए।
विज्ञापन
रोडवेज अधिकारी देते रहे आश्वासन, नहीं पहुंची बसें
इन परीक्षार्थियों में शामिल रोहित ने बताया कि वह यमुनानगर से परीक्षा देने आया था। परीक्षा देकर जब 5 बजे बस अड्डे पहुंचा तो वहां भारी भीड़ थी। चंडीगढ़ बस के लिए परीक्षार्थी बस का इंतजार कर रहे थे। लेकिन यह बस नहीं आई। पता करने पर रोडवेज वालों ने बताया कि 6 बजे बस आएगी, लेकिन यह बस भी नहीं आई। अड्डा इंचार्ज से बात करने पर उन्होंने बस का नंबर बताकर बस आने का आश्वासन दिया। लेकिन वह बस आई तो ड्राइवर ने कहा कि वह दिल्ली के लिए जाएगा। इसके बाद इंचार्ज द्वारा कहा गया कि बस रात 11 बजे तक आएगी। इन परीक्षार्थियों में कैथल, करनाल, यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र जाने वाले यात्री शामिल थे। गौरतलब है कि लिखित परीक्षा के लिए प्रदेश के 7 हजार के करीब परीक्षार्थी शहर में आए थे। जिस कारण बसों में भारी भीड़ रही।
विज्ञापन
कुछ परीक्षार्थियों ने लिया प्राइवेट वाहनों का सहारा
बस स्टैंड पर बस के इंतजार में खड़े यात्रियों में कुछेक यात्री बस न आने पर प्राइवेट वाहनों का सहारा लेकर अपने गंतव्य स्थानों के लिए रवाना हुए। वहीं कुछ ने धर्मशाला व होटलों में पनाह ली। चंडीगढ़ के लिये सुबह पांच बजे से बसें शुरू हो जाती है।
विज्ञापन
भीड़ की वजह से बसें नहीं आ पाईं। 13 जिलों से अभ्यर्थी आए थे। इस कारण बसों का रुटीन बिगड़ गया।
- रमेश सैनी, बस अड्डा इंचार्ज