90 मिनट में हिसार से पहुंच जाएंगे दिल्ली, हाईस्पीड ट्रेन के लिए अपग्रेड होगा ट्रैक
हिसार स्थित एयरपोर्ट से दिल्ली तक हाई स्पीड ट्रेन चलाने के प्रोजेक्ट को रेलवे प्रशासन ने मंजूरी दे दी है। यह हाई स्पीड ट्रेन अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के मुकाबले अलग होगी। हाई स्पीड ट्रेन के हिसाब से अब रेलवे ट्रैक को अपग्रेड किया जाएगा। यह हाई स्पीड ट्रेन मात्र 90 मिनट में हिसार से दिल्ली का रास्ता तय करेगी।
हिसार से दिल्ली का 170 किलोमीटर का सफर है। एक्सप्रेस ट्रेन हिसार से दिल्ली जाने में करीब पांच घंटे का समय लेती है। मगर यह हाई स्पीड ट्रेन मात्र 90 मिनट का समय लेगी। यह ट्रेन बीच में कहीं नहीं रुकेगी। इसके लिए स्टेशन भी हिसार एयरपोर्ट के नीचे अंडरग्राउंड बनाया जाएगा ताकि पूरी सुरक्षा व्यवस्था से यात्रियों को गुजारा जा सके।
इस प्रोजेक्ट पर प्रारंभिक स्तर का काम भी शुरू हो गया है। इसके लिए दिल्ली-हिसार के बीच में रेलवे के कुछ हिस्से को अपग्रेड भी किया जाएगा। हांसी-महम रेल लाइन पूरी होने के बाद यह प्रोजेक्ट सिरे चढ़ने की संभावना है। गौरतलब है कि हिसार में करीब सात हजार एकड़ में इंटरनेशनल लेवल का एयरपोर्ट तैयार किया जा रहा है। बिल्डिंग संबंधी काम पूरा हो चुका है। सिर्फ उड़ान भरने का इंतजार है।
महम-हांसी रेल लाइन से जुड़ेगा एयरपोर्ट
अधिकारियों की मानें तो हिसार एयरपोर्ट को महम-हांसी रेल लाइन से सीधा जोड़ा जा सकेगा। इसके लिए रेलवे डीपीआर तैयार कर रहा है। ऐसा करने से भिवानी जाने की बजाय सीधा ट्रेन से महम द्वारा हांसी से हिसार एयरपोर्ट तक पहुंचा जा सकेगा।
ऐसा करने से दिल्ली से हिसार की दूरी सिर्फ 90 मिनट ही रह जाएगी। अभी हिसार से दिल्ली जाने के लिए वाया भिवानी होकर जाना पड़ता है, जिसमें करीब पांच घंटे से अधिक का समय लगता है। हालांकि महम-हांसी रेललाइन के कार्य को ही पूरा होने में अभी तीन साल से अधिक का समय लगेगा।
आम शहरवासी भी सफर कर सकेंगे या नहीं, अभी तय नहीं हुआ
हालांकि एयरपोर्ट से सीधे दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में आम शहरवासी सफर कर सकेंगे या नहीं, इसको लेकर अभी कोई बात तय नहीं हुई है। अधिकारियों की मानें तो इसको लेकर बाद में चर्चा की जाएगी और सुरक्षा के मानकों के हिसाब से तय किया जाएगा।
दिल्ली से आम आदमी यहां आकर फ्लाइट पकड़ सकें और उसको आने जाने में दिक्कत न हो, इसको लेकर एयरपोर्ट पर अंडरग्राउंड स्टेशन बनाया जाएगा। दिल्ली से हिसार के बीच सीधी ट्रेन चलेगी। फिलहाल यह प्रोजेक्ट प्रारंभिक चरण में है। प्रोजेक्ट पूरा होने में अभी लंबा समय लगेगा। - अशोक कुमार मीणा, उपायुक्त