हरियाणा: प्रदेश में गर्मी ने तोड़ा 81 साल का रिकॉर्ड, हिसार में पारा पहुंचा 46, प्रदेश में रहा सबसे गर्म
दो मई तक आंधी, अंधड़ और छिटपुट बूंदाबांदी के आसार है। लू को लेकर प्रदेश में ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में गर्मी ने 81 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। गुरुवार को हिसार जिले में पारा 46 पर पहुंच गया, जो कि प्रदेश में सबसे गर्म जिला रहा। वहीं, हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान 40.0 से 46.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। भारतीय मौसम विभाग के नारनौल स्थित सब सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि इससे पहले वर्ष 1941 में इतनी भीषण गर्मी पड़ी थी।
डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से गर्म हवाएं चल रही हैं। वातावरण में नमी काफी कम है। मार्च के अंत और अप्रैल में बारिश संबंधी गतिविधियां काफी कम हुई हैं। इन सभी परिस्थितियों के कारण ही यह हालात बने हैं। आमतौर पर इतना तापमान मई के मध्य या अंत तक दर्ज किया जाता है।
आगे यह रहेगा मौसम
डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि गुरुवार रात को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ ने उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में प्रवेश किया। इसकी वजह से पूर्वी पाकिस्तान और पंजाब पर एक कमजोर प्रेरित चक्रवातीय सरकुलेशन बनने जा रहा है, जिससे 29 अप्रैल से दो मई तक संपूर्ण मैदानी राज्यों पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बीच-बीच में अनेकों स्थानों पर अंधड़ आंधी के साथ लू चलने की प्रबल संभावनाएं बन रही हैं।
इसके अलावा बिखराव वाली बूंदाबांदी की गतिविधियां सीमित स्थानों पर ही देखने को मिलेगी। मगर, इससे तापमान में गिरावट नहीं आएगी। भीषण गर्मी और लू चलने की वजह से संपूर्ण हरियाणा के पश्चिमी दक्षिणी जिलों में भारतीय मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट और शेष हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में दो मई तक येलो अलर्ट जारी कर दिया है।
हालांकि उत्तरी पर्वतीय इलाकों में दो और पांच मई को एक के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रवेश करने वाले हैं, जिससे संपूर्ण पर्वतीय क्षेत्रों और मैदानी राज्यों में फिर से मौसम गतिशील और परिवर्तनशील रहेगा। अगले महीने के प्रथम सप्ताहांत तक मौसम एक बार फिर से करवट लेने से तापमान में गिरावट दर्ज होगी और भीषण गर्मी और प्रचण्ड हीट बेव आमजन को राहत मिलेगी।
हिसार जिले में अप्रैल माह में पांच साल बाद पड़ रही भीषण गर्मी, पारा पहुंचा 46, प्रदेश में रहा सबसे गर्म
जिले में अप्रैल माह में पांच साल बाद इतनी भीषण गर्मी पड़ रही है। गुरुवार को जिले में पारा 46 पर पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे गर्म जिला रहा। इससे पहले वर्ष 2017 में अप्रैल माह में अधिकतम तापमान 45.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान 40.0 से 46.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
यह रही तापमान की स्थिति
- क्षेत्र तापमान
- हिसार एमएफयू 46.0
- सिरसा एडब्ल्यूएस 45.7
- गुरुग्राम 45.6
- महेंद्रगढ़ 45.0
- जींद 44.7
- रोहतक एडब्ल्यूएस 44.5
- सोनीपत 44.5
- नारनौल 44.4
- भिवानी 43.6
- फतेहाबाद 43.6
- कुरुक्षेत्र 42.9
- अंबाला 42.8
- करनाल 42.7
- कैथल 42.4
- यमुनानगर 41.9