हिसार: हाईवे पर मिले तीन दोस्तों के अधजले शव, परिजनों ने कहा- हत्या कर हादसे का रूप दिया, तीन पर केस दर्ज
हिसार में सोमवार अलसुबह होटल संचालक और उसके दो दोस्तों के अधजले शव हाईवे पर मिले। साथ ही बाइक भी पूरी तरह जली हुई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने सेक्टर 9-11 के एक नामजद समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के हिसार में हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर सोमवार अलसुबह होटल संचालक और उसके दो दोस्तों के अधजले शव मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों का आरोप है कि हत्या कर वारदात को हादसे का रूप देने के लिए आरोपियों ने ऐसा किया है।
उन्होंने बताया कि बाइक को पहले किसी वाहन से टक्कर मारी गई। उसके बाद बाइक समेत तीनों को जला दिया। यह हादसा नहीं हत्या है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर सेक्टर 9-11 निवासी जिन्दी नाम के व्यक्ति समेत तीन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हिसार के आर्यनगर निवासी 22 वर्षीय निशांत, सूर्यनगर नगर निवासी 25 वर्षीय अभिषेक व फतेहाबाद के भट्टू निवासी 23 वर्षीय अजय के शव सोमवार अल सुबह सेक्टर 27-28 के मोड़ के पास दिल्ली बाईपास पर मिले।
आर्य नगर निवासी निशांत दिल्ली बाईपास पर रेडवुड नाम से होटल चलाता था। अभिषेक उसी होटल में सफाई कर्मचारी था जबकि अजय काउंटर का काम संभालता था। निशांत व अजय अविवाहित थे जबकि अभिषेक शादीशुदा। अभिषेक का दो महीने का बच्चा है।
पहले बताया जा रहा था कि तीनों की एक सड़क दुर्घटना में मौत हुई है। जब परिजनों ने तीनों के शव व घटना स्थल का जायजा लिया तो उन्होंने हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने मृतक निशांत के भाई विष्णु की शिकायत पर एक नामजद के खिलाफ धारा 302, 201 व 34 के केस दर्ज किया है।
आरोपी होटल में हिस्सेदारी के लिए दे रहा था धमकी
मृतक निशांत के भाई विष्णु ने बताया है कि वह होटल चलाने में सहयोग करता है। निशांत को हिसार निवासी जिन्दी कई दिनों से होटल में हिस्सेदारी डलवाने के लिए धमकी दे रहा था। विष्णु ने बताया कि आरोपी रविवार रात करीब 8 बजे भी अन्य दो लोगों के साथ होटल में आया और हिस्सेदारी करने की धमकी देकर गया था। पुलिस ने विष्णु की शिकायत पर जिन्दी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। हिसार सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभिषेक व अजय के परिजनों का आरोप है कि घटना स्थल को देखकर ऐसा लगा रहा है कि पहले इनकी हत्या की गई है, जिसके बाद शवों को जलाया गया।
परिजनों की शिकायत पर मामले में एक नामजद व दो अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कार्रवाई जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - कप्तान सिंह, एसएचओ, सदर थाना