{"_id":"600b0916467649221524b451","slug":"bhupinder-singh-hooda-said-no-confidence-motion-will-make-it-clear-which-mla-from-which-party-stands-with-the-farmers","type":"story","status":"publish","title_hn":"अविश्वास प्रस्ताव से स्पष्ट हो जाएगा किस पार्टी का कौन सा विधायक किसानों के साथ खड़ा है : भूपेंद्र हुड्डा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अविश्वास प्रस्ताव से स्पष्ट हो जाएगा किस पार्टी का कौन सा विधायक किसानों के साथ खड़ा है : भूपेंद्र हुड्डा
Fri, 22 Jan 2021 10:51 PM IST
ajay kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हिसार (हरियाणा)
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हिसार (हरियाणा)
Published by: ajay kumar
Updated Fri, 22 Jan 2021 10:51 PM IST
विज्ञापन
हिसार पहुंचे पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हमने कई बार राज्यपाल से विधानसभा सत्र बुलाने की अपील की है। सरकार को जल्द ही विधानसभा सत्र बुलाना चाहिए, क्योंकि अब कोरोना भी काफी हद तक काबू में आ चुका है। वैक्सीन भी आ चुकी है। विधानसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की बात को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि इस अविश्वास प्रस्ताव से स्पष्ट हो जाएगा कि किस पार्टी का कौन सा विधायक किसानों के साथ खड़ा है। कौन किसान विरोधी सरकार के साथ खड़ा है।
विज्ञापन
हुड्डा शुक्रवार को पार्टी नेता उमेद लोहान के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि जनप्रतिनिधि सदन में किसानों समेत प्रदेश के सामने खड़ी तमाम चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा करें। हुड्डा ने कहा कि किसान आंदोलन को दो महीने पूरे होने वाले हैं फिर भी सरकार किसानों को तारीख पर तारीख के फेर में उलझाए हुए है। तेल, खाद, बीज के दाम आसमान छू रहे हैं लेकिन किसान की आमदनी लगातार कम होती जा रही है। ऐसे में उनकी मर्जी के खिलाफ तीन नए कानून थोपना किसान के साथ अन्याय है।
विज्ञापन
'मैं किसान का बेटा हूं, उनका दर्द अच्छी प्रकार समझता हूं'
हुड्डा ने कहा कि 58 दिनों से देश का अन्नदाता अपनी मांगों को लेकर कड़ाके की ठंड में धरना-प्रदर्शन कर रहा है। मगर सरकार उनकी ओर कोई ध्यान नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि मैं किसान का बेटा हूं और उनका दर्द अच्छी प्रकार समझता हूं। सरकार किसानों को डराने के बजाय मनाने की कोशिश करे।
विज्ञापन
बातचीत के नाम पर दिखावा कर रही है सरकार : सैलजा
हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि आज भाजपा सरकार का ध्यान सिर्फ अपने पूंजीपति साथियों को फायदा पहुंचाने में है और जनता के हितों को भूल चुकी है। सरकार किसानों से बार-बार बातचीत के नाम पर दिखावा कर रही है। सैलजा शुक्रवार को लांधड़ी टोल पर धरने पर बैठे किसानों को संबोधित कर रही थीं।
सैलजा ने कहा कि किसान आंदोलन एक जन आंदोलन है और कांग्रेस किसान के साथ है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी लगातार कृषि विरोधी कानूनों के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। इस दौरान कुमारी सैलजा लंगर में भी पहुंचीं। वहां किसानों के लिए खाना बनता देखकर सैलजा महिलाओं के साथ रोटियां सेंकने लगीं।