एडवांस बुकिंग: क्या 'हनुमान अंश' उतारेगी 'हैवान' का भूत? जानें पहले दिन कैसा प्रदर्शन करेगी अक्षय-सैफ की फिल्म
Haiwaan Day 1 Advance Booking: सैफ अली खान और अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म 'हैवान' कल सिनेमाघरों में लग रही है। एडवांस बुकिंग में इसने कैसा प्रदर्शन किया है? जानिए
विस्तार
फिल्म 'हैवान' कल 11 सितंबर को रिलीज हो रही है। इस फिल्म में सैफ अली खान दिव्यांग की भूमिका में हैं। वहीं, अक्षय कुमार खलनायक बने हैं। प्रियदर्शन निर्देशित इस फिल्म में दोनों सितारे डेढ़ दशक बाद पर्दे पर साथ नजर आएंगे। एडवांस बुकिंग में फिल्म के क्या हाल हैं? आंकड़ों से समझिए
'हैवान' के सामने चुनौती
फिल्म 'हैवान' ऐसे वक्त में रिलीज हो रही है, जब हर तरफ कम बजट में बनी फिल्म 'हनुमान अंश' की चर्चा है। बॉक्स ऑफिस पर इसने 150 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर डाली है। दूसरी तरफ 'मिर्जापुर द मूवी' भी शानदार प्रदर्शन कर रही है। दिलचस्प बात यह है कि कल 11 सितंबर को ही 'हनुमान अंश' ओवरसीज रिलीज हो रही है। ऐसे में 'हैवान' के लिए चुनौती तो है।
एडवांस बुकिंग में कितना कलेक्शन किया?
अक्षय और सैफ अली खान अभिनीत फिल्म ने एडवांस बुकिंग में बहुत जोरदार प्रदर्शन नहीं किया है। सैकनिल्क पर खबर लिखे जाने तक (शाम छह बजे) प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, इस फिल्म ने प्री टिकट सेल में बिना ब्लॉक सीटों के 44.29 लाख रुपये की कमाई की है। वहीं, ब्लॉक सीटों के साथ इसका एडवांस बुकिंग कलेक्शन 1.56 करोड़ है। फिल्म की रिलीज से एक दिन पहले तक यानी आज गुरुवार तक इसके देशभर में 19592 टिकट बिके हैं, जो कि 5958 शोज के लिए हैं। उम्मीद की जा सकती है कि रात में टिकट बुकिंग में शायद और तेजी आए।
क्या 'हनुमान अंश' उतारेगी 'हैवान' का भूत?
फिल्म 'हनुमान अंश' का क्रेज कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आज 35वें दिन भी इस फिल्म ने शुरुआती आंकड़ों में 4.39 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। रात दस बजे तक अंतिम परिणाम आने तक, इनमें और इजाफा होगा। 'हनुमान अंश' का इंडिया नेट कलेक्शन 157.52 करोड़ रुपये हो चुका है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि 'हैवान' के आने से 'हनुमान अंश' की कमाई प्रभावित होती है या 'हनुमान अंश' फिल्म 'हैवान' का भूत उतारती दिखती है।