Politics: केजरीवाल बोले- आदमपुर उपचुनाव में जीत 2024 में हरियाणा में ‘आप’ की सरकार बनाने का खोलेगी द्वार
आदमपुर में आयोजित हरियाणा में मेक इंडिया नंबर-1 कैंपेन के दौरान रैली में दिल्ली के सीएम ने हरियाणा में आप की सरकार बनाने की बात कही। युवाओं से अपील करते हुए कहा कि आपको पुरानी राजनीति खत्म करनी है और नई राजनीति लेकर आनी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आदमपुर उपचुनाव में जीत 2024 में हरियाणा में आप की सरकार बनाने का द्वार खोलेगी। यह उपचुनाव हरियाणा विधानसभा चुनाव का ट्रेलर होगा। आदमपुर हमारा गेट होगा और उस गेट के जरिये आम आदमी पार्टी 2024 में हरियाणा में सरकार बनाएगी।
गुरुवार को आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मेक इंडिया नंबर-1 कैंपेन के तहत हरियाणा के आदमपुर में तिरंगा यात्रा निकाली। इसके बाद मंडी में आयोजित जनसभा में अरविंद केजरीवाल ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि आपको पुरानी राजनीति खत्म करनी है और नई राजनीति लेकर आनी है। हरियाणा की मनोहर लाल सरकार रोज सरकारी स्कूल बंद कर रही हैं। सरकारी स्कूल बंद कर देंगे, तो गरीब का बच्चा कहां जाएगा। मैं भारत को दुनिया का नंबर-1 देश बनाने के लिए दिल्ली से निकला हूं और पूरे देश में जाऊंगा।
हरियाणा का सिर झुकने नहीं दिया..
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली मेरी कर्मभूमि बनी। एक ही बात कहना चाहूंगा कि मैं हरियाणा से जहां भी गया, कभी आपका सिर मैंने झुकने नहीं दिया। हरियाणा का सिर ऊपर ही रखा।
यह भी पढ़ें : Haryana: SYL पर खामोश रहे केजरीवाल, आदमपुर में रिश्तेदारियां गिनाकर मांगे वोट
दिल्ली के सरकारी स्कूलों की चर्चा पूरी दुनिया में
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैंने दिल्ली के स्कूल इतने शानदार कर दिए कि इसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। दो साल पहले अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी धर्मपत्नी मिलेनिया ट्रंप के साथ दिल्ली आए। मिलेनिया ट्रंप बोली कि मैंने केजरीवाल के स्कूलों के बारे में बहुत सुना है। मैं वो स्कूल देखने जाऊंगी। मोदी जी ने उनको दूसरे राज्य के स्कूल दिखाने को कहकर बहुत समझाया, लेकिन वो नहीं मानी।
मोहल्ला क्लीनिक देखने आईं
हमने दिल्ली के सरकारी अस्पताल बहुत शानदार कर दिए। दिल्ली में अमीर और गरीब सबका इलाज मुफ्त है। जगह-जगह मोहल्ला क्लीनिक खोल दिए और उसे देखने के लिए नार्वे की प्रधानमंत्री आईं। नार्वे की प्रधानमंत्री ने मीडिया में बोलीं कि दिल्ली जैसे मोहल्ला क्लीनिक पूरी दुनिया में खुलने चाहिए।
12 लाख लोगों को दिया रोजगार..
दिल्ली में मैंने पिछले 5 साल में 12 लाख लोगों को रोजगार दिलाया है। पंजाब में अब सरदार भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है। अब पंजाब के अंदर ‘आप’ की सरकार ने भ्रष्टाचार खत्म कर दिया है। पंजाब में छह महीने में 100 मोहल्ला क्लीनिक खुल चुके हैं। पंजाब में भी अब दिल्ली की तरह लोगों के बिजली का बिल जीरो आने लगा है।
आप मेरे से स्कूल अस्पताल ठीक करा लो..
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं पूरी दुनिया में स्कूल और अस्पताल ठीक करते घूम रहा हूं। पूरी दुनिया की बिजली मुफ्त करते घूम रहा हूं। हरियाणा वाले आप भी मेरे से करा लो। मेरी यह जन्मभूमि है। मेरा अपना ही गांव है। मैं हरियाणा के सरकारी स्कूल भी ठीक कर दूंगा। मुझे करने आते हैं। केजरीवाल ने कहा कि मैं जनता का पैसा जनता में ही बांट रहा हूं। मेरे पास क्या है? मैं फक्कड़ आदमी हूं। इन्होंने सीबीआई और ईडी भी भेज ली, लेकिन कुछ नहीं मिला।
हरियाणा को ना बदल दूं, तो लात मारकर भगा देगा- अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दो साल बाद हरियाणा का विधानसभा चुनाव है। आप अपने लाल को एक मौका देकर देख लो। हरियाणा को ना बदल दूं, तो मेरे को लात मारकर हरियाणा से बाहर भगा देगा। मैं दोबारा हरियाणा में नहीं आऊंगा। आदमपुर विधानसभा का उपचुनाव तीन-चार महीने बाद है। अभी आपका जो मौजूदा विधायक है, वो पिछले 24 साल से विधायक है। उसने कुछ अच्छा काम किया हो, तो उसको वोट दे देना और अगर नहीं किया हो तो इस बार अपने को परिवर्तन लाना है।
वर्ष 2019 में हम पंजाब में एक सीट जीते थे। संगरूर से भगवंत मान जीतकर सांसद बने थे और 2022 में पंजाब के अंदर हमारी सरकार बन गई। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सारी पार्टियों ने मिलकर हम सब को लूट लिया। अब आपको आम आदमी पार्टी को आजमाने की बारी है। बाकी सबको तो आप लोगों ने आजमा कर देख लिया है।
अपने दोस्तों के अरबों रुपये के कर्जे माफ कर दिए
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि रोटी, कपड़ा, पंखा, बिजली, दही, शहद, गेहूं, चावल पर भी टैक्स लगता है। बस हवा ही बाकी है। एक बार और ये सरकार में आ गए, तो उस पर भी टैक्स लग जाएगा। केंद्र सरकार ने अपने दोस्तों के अरबों-खरबों के कर्जे माफ कर दिए। इन्होंने आपके टैक्स के पैसे से अपने दोस्तों के 10 लाख करोड़ रुपये के कर्जे माफ कर दिए। मैं अगर कुछ भी झूठ बोलूंगा, ये मेरे ऊपर केस कर देंगे। मैं पढ़ा-लिखा इनकम टैक्स का आदमी हूं। मैं इनके चोरी-चकारी सब समझता हूं।
विधायक खरीदने में लगा दिए जीएसटी से आए 6 हजार करोड़
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इन्होंने मध्यप्रदेश, कर्नाटक, गोवा, असम में सरकार तोड़ी। अभी तक ये 277 एमएलए खरीद चुके हैं। अगर 20-20 करोड़ रुपये के हिसाब से अब तक इन्होंने विधायक खरीदने में करीब 6 हजार करोड़ रुपये लगा दिए। यह आपके जीएसटी का पैसा है।
आदमपुर की जनता कुछ नया करने वाली है : भगवंत मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आदमपुर के लोगों का प्यार देखकर इस बात का अंदाजा सहज ही लग सकता है कि आदमपुर के लोग कुछ तो नया करने वाले हैं। मान ने कहा कि जब नेता पार्टी बदलते हैं, तब क्या आपसे पूछते हैं? क्या कुलदीप बिश्नोई ने आपसे पूछा कि मैं भाजपा में चला जाऊं? क्या जेजेपी ने आपको बताया कि आप हमें वोट दो हम मनोहर लाल के साथ मिलकर सरकार बनाएंगे। किसी ने नहीं पूछा, तो जनता को भी निर्णय लेने का अधिकार है।
मान ने कहा कि सवाल ईवीएम का बटन हाथ के पंजे, हाथी, कमल या झाड़ू का नहीं है, बल्कि वो बटन आपके बच्चों की अच्छी शिक्षा, बुजुर्गों के अच्छे स्वास्थ्य, आपको मिलने वाली सस्ती बिजली, 18 साल से ऊपर की महिलाओं को मिलने वाले एक-एक हजार रुपये के सम्मान का बटन है। जब ये बदल जाते हैं, तो जनता भी बदल जाए। आदमपुर की जनता के पास सबक सिखाने का एक मौका आया है। आप आम आदमी पार्टी को जीताकर इनको सबक सिखा दो।
झाड़ू से साफ होगा पूरा हिंदुस्तान
भगवंत मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की अगुआई में पूरा हिंदुस्तान साफ किया जाएगा। आने वाले समय में बड़ी-बड़ी भ्रष्टाचार की दुकानें बंद होंगी। कुलदीप बिश्नोई की दुकान की ओर इशारा कर कहा 107 नंबर भी बंद होगी। दिल्ली में एक बार लोगों ने झाड़ू का बटन दबाया। अब दिल्ली वाले दूसरा बटन दबाना भूल गए। कांग्रेस की हाल तो उस 90 साल के बुजुर्ग जैसी हो गई है, जिसे डॉक्टर कहते हैं कि घर बैठा करो, अब कुछ नहीं है। सबसे ज्यादा कांग्रेस ने ही लूटा है। आजकल जुमलों की फैक्टरी चल रही है। आपके लिए 24 घटे जुमले बन रहे हैं कि किस तरह से भावनाएं भड़केंगी। किस जुमले से ज्यादा नफरत फैलेगी और लोग आपस में लड़ेंगे। उनसे बच कर रहना।
मेक इंडिया नंबर-1 कैंपेन के तहत निकाली तिरंगा यात्रा
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देशव्यापी मुहिम मेक इंडिया नंबर-1 के तहत भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाने के लिए आज हरियाणा के आदमपुर में तिरंगा यात्रा निकाली, जिसमें पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान, आप के प्रदेश प्रभारी सुशील गुप्ता, अनुराग ढांडा, अशोक तंवर, सतेंद्र सिंह, रामप्रकाश गढ़वाल, हरियाणवी कलाकार केडी, अन्नु कादयान, मुकेश दहिया सहित अन्य उपस्थित रहे।