हिसार। प्रदेश में पीवीसी पाइप बनाने के उद्योग बंद होने के कगार पर पहुंच चुके हैं। इससे हजारों लोग बेरोजगार हो जाएंगे। यह बात हरियाणा पीवीसी पाइप मैन्यूफैक्चरर्स एसोसिएशन के नव नियुक्त प्रधान मंगेशवर सिंधवी ने शहर के निजी रेस्तरां में पूरे प्रदेश से एकत्रित पीवीसी पाइप उद्योग संचालकों की बैठक में कही।
उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रदेश सरकार ने नया कानून बनाया है, जिसके तहत प्रदेश में पीवीसी पाइप बनाने वाले वही उद्योग पीवीसी पाइप बना सकेंगे, जो आईएसआई मार्का वाले हैं। इससे प्रदेश के लगभग 60 से 70 प्रतिशत पीवीसी उद्योग बंद होने की कगार पर आ गए हैं।
प्रधान सिंधवी ने कहा कि अभी तो हर व्यवसायी कोविड महामारी की मार से भी नहीं उबर पाया है। ऊपर से सरकार का यह फैसला जो उद्योगों पर लागू होना है वह एक भारी समस्या है। इस अवसर पर उद्योगपतियों ने सर्वसम्मति से नई कमेटी का गठन किया। कमेटी में मंगेशवर सिंधवी कुरुक्षेत्र को प्रधान, अजय केजरीवाल बहादुरगढ़ को महासचिव, अश्वनी गर्ग हिसार कैशियर, राकेश गर्ग कैथल सचिव के अलावा विवेक गर्ग हिसार, योगेश हांसी, राजेश दीवान सफीदो, सुरेंद्र नरवाना, राकेश बंसल फतेहाबाद व अमित गर्ग गोहाना को शामिल किया गया।