हिसार। शहर के एक सरकारी स्कूल में घर से 12वीं कक्षा की परीक्षा देने जा रहे छात्र और उसके दोस्त को रास्ते में अपहरण कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं ने दोनों को ऑटो मार्केट लेकर गए। वहां पर दोनों के साथ मारपीट की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। घायल छात्र और उसके दोस्त को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एचटीएम थाना पुलिस ने घायल छात्र के बयान पर कार्तिक, विकास, गोपी, राहुल और अन्य के खिलाफ अपहरण, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में मिलगेट एरिया के शिव नगर निवासी ने बताया कि वह एक सरकारी स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र है। सोमवार सुबह सात बजे दोस्त आकाश और सबरजीत के साथ बाइक से तीनों स्कूल जा रहे थे। जलेबी चौक के पास स्कूल का कार्तिक अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। उसने बाइक रुकवा ली और मारपीट करनी शुरू कर दी। यह देख आकाश और सबरजीत बाइक से उतर कर भागने लगे। ऐसे में हमला करने वालों ने आकाश को पकड़ लिया। फिर मुझे और आकाश को गाड़ी में बैठाकर जबरदस्ती ऑटो मार्केट ले आए। यहां पर हम दोनों के साथ मारपीट की। जब उन्हें बताया कि आज अंग्रेजी की परीक्षा है तो हमलावरों ने दोबारा से गाड़ी में बैठाया और स्कूल के सामने छोड़कर फरार हो गए। जाने से पहले जान से मारने की धमकी दी। एचटीएम थाना पुलिस ने घायल की शिकायत पर कार्तिक और अन्य पर केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।