हरियाणा की बड़ी खबरें: दुष्यंत चौटाला ने कृषि कानून वापसी के एलान पर पीएम को दिया धन्यवाद, कुमारी सैलजा ने सरकार पर बोला हमला
हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने पीएम मोदी की ओर से तीनों कृषि कानून वापस लिए जाने के एलान के बाद उनका धन्यवाद किया। सराहना करते हुए दुष्यंत ने कहा कि किसानों से जुड़े मुद्दों को हल करवाने का प्रयास करेंगे। वहीं, कुमारी सैलजा ने मामले में सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने फैसले को किसानों की जीत बताया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा पर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरु नानक देव के प्रकाश उत्सव पर तीनों कृषि कानूनों को वापस लिया है। इस पर सभी किसान संगठनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार प्रकट करना चाहिए। उन्होंने किसानों से अपने धरने तुरंत उठाकर घरों को जाने की सलाह दी। विज ने कहा कि किसानों को घर जाकर अपने नियमित कामों में लगना चाहिए। तीनों नए कृषि कानूनों को वापस लेने का एलान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जैसे ही किया, प्रदेश के किसानों ने खुशी का इजहार करते हुए लड्डू बांटकर जश्न मनाया। किसान एक-दूसरे के गले मिलकर खुशी जाहिर करते दिखे। किसानों ने इसे लंबे सघर्ष की जीत बताया। प्रधानमंत्री ने शुक्रवार सुबह राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा था कि केंद्र सरकार तीनों नए कृषि कानूनों को नेक नीयत के साथ लाई थी, लेकिन भरपूर प्रयास के बाद भी यह बात हम किसानों को समझा नहीं पाए। प्रधानमंत्री ने कृषि कानूनों को वापस लेने की बात कही थी। पढ़ें अन्य खबरें...
कृषि कानून वापसी का एलान: दुष्यंत चौटाला ने फैसले को बताया सराहनीय, पीएम नरेंद्र मोदी को दिया धन्यवाद
हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आज कृषि कानूनों को वापस लेने का निर्णय सराहनीय है। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हैं। दुष्यंत चौटाला नई दिल्ली में किसानों के संबंध में दर्ज मामलों के बारे में पूछे जाने पर बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र से जुड़ी समस्या को आगे भी सुलझाया जाएगा, यही उम्मीद उनकी केंद्र सरकार से है। ...पढ़ें विस्तृत खबर
कृषि कानून वापसी के एलान पर बोलीं कुमारी सैलजा: किसानों पर सरकार ने किए अत्याचार, पीएम मोदी मांगें माफी
सोनीपत में सरकार के फैसले को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने सही बताया। उन्होंने कहा कि यह किसानों और मजदूरों की जीत है, जिसने सरकार को झुका दिया। किसानों को सरकार ने उकसाया, लेकिन उन्होंने शांतिपूर्वक अपना आंदोलन चलाया। सरकार ने किसानों पर लाठियां बरसाईं, लेकिन किसान अत्याचार सहते रहे। अच्छा होता प्रधानमंत्री किसानों से माफी मांगते। आंदोलन में किसानों ने अपनी शहादत भी दी। पीएम को उनसे माफी मांगनी चाहिए। सैलजा ने कहा कि यह फैसला किसानों के संयम की जीत है। राहुल गांधी शुरू से ही इन कानूनों के विरोध में थे। ...पढ़ें विस्तृत खबर
बहादुरगढ़: 20 हजार करोड़ का नुकसान झेल चुके उद्यमियों के चेहरे खिले, कृषि कानून वापस लेने के एलान का किया स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तीन कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की घोषणा पर क्षेत्र के उद्यमियों ने भी खुशी जताई है। कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ साल भर से चल रहे आंदोलन के कारण लगभग 20 हजार करोड़ का नुकसान झेल चुके उद्यमियों को अब उम्मीद है कि आंदोलन खत्म होगा और उनके उद्योग धंधे सुचारू हो जाएंगे। आंदोलन खत्म होगा तो टीकरी बॉर्डर से दिल्ली आवागमन सुगम हो जाएगा और उनका व्यापार दौड़ेगा। लाखों लोगों को रोजगार चलाने में आ रही बाधा खत्म हो जाएगी। दरअसल पिछले साल 26 नवंबर को शुरू हुए आंदोलन की वजह से बहादुरगढ़ के छोटे-बड़े करीब 7 हजार उद्योगों को सीधे तौर पर नुकसान हो रहा है। ...पढ़ें विस्तृत खबर
कृषि कानून वापसी की घोषणा: कुंडली और सिंघु बॉर्डर झूमे किसान, बांटे लड्डू, फैसले को बताया संघर्ष की जीत
तीनों कृषि कानून वापसी के पीएम नरेंद्र मोदी के फैसले के बाद किसानों ने टीकरी और सिंघु बॉर्डर पर जश्न मनाया। किसानों ने कहा कि गुरुपर्व पर यह उनके संघर्ष की जीत है। किसाना नेताओं ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। किसान नेता राकेश टिकैत ने साफ कहा कि अभी केवल घोषणा हुई है, कानून वापस नहीं हुए हैं। वे संसद में कानून वापसी का इंतज़ार करेंगे। इसके अलावा एमएसपी व किसानों पर दर्ज मुकदमे समेत कई मुद्दे हैं, जिन पर बातचीत होनी है। इन सब मुद्दों पर सरकार बातचीत टेबल तैयार कर किसानों को बुलाए, तभी किसान आगे का निर्णय लेंगे।...पढ़ें विस्तृत खबर
कुरुक्षेत्र: होटल संचालक को विदेश से व्हाट्सएप कॉल कर मांगी 20 लाख की रंगदारी, 11 माह पहले भी हुई थी फायरिंग
अमीन रोड स्थित काठी किंग होटल संचालक से व्हाट्सएप पर 20 लाख रुपये रंगदारी की मांग की गई है। इसके लिए विदेश से व्हाट्सएप पर कॉल की गई। इस आशय की शिकायत के बाद कृष्णा गेट थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच के लिए साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है। विदित हो कि इससे पहले भी नौ जनवरी की रात को काठी किंग होटल के काउंटर पर आए दो युवकों ने पर्ची देकर धमकी दी थी। उसके कुछ देर बाद ही होटल के बाहर से शीशों पर करीब छह राउंड फायर किए गए थे। ...पढ़ें विस्तृत खबर