Fatehabad: छात्रा का दिनदहाड़े अपहरण, चालक से हाथापाई की तो अनियंत्रित होकर पलटी कार
छात्रा ने बचाव के लिए जब कार चालक के साथ हाथापाई की तो गाड़ी अनियंत्रित होकर खैरी रोड पर जल घर की पाइप लाइन के मैनहोल से टकराकर पलट गई।
विस्तार
हरियाणा के फतेहाबाद के भूना के पुराने बाजार में नगरपालिका कार्यालय के सामने सोमवार की दोपहर ट्यूशन सेंटर से घर लौट रही दसवीं कक्षा की छात्रा का आई-20 कार सवार दो युवकों ने अपहरण कर लिया। छात्रा ने बचाव के लिए जब कार चालक के साथ हाथापाई की तो गाड़ी अनियंत्रित होकर खैरी रोड पर जल घर की पाइप लाइन के मैनहोल से टकराकर पलट गई। इस दौरान एक मोटरसाइकिल भी कार से टकरा गई। जिससे बाइक सवार दो लोग घायल हो गए।
कार पलटने के बाद शनि देव कॉलोनी के लोगों ने छात्रा व अपहरणकर्ता युवकों को बाहर निकाला। कार के एयरबैग खुलने के कारण छात्रा व आरोपियों को गंभीर चोट नहीं आई। घायलों को सीएचसी भूना में दाखिल करवाया।
इस दौरान आरोपी अनमोल व उसका साथी बिना इलाज के भाग गए, जबकि छात्रा को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी सृष्टि गुप्ता ने तुरंत संज्ञान लिया। छात्रा के पिता की शिकायत पर अपहरणकर्ता अनमोल व उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
सीएचसी में दाखिल छात्रा ने बताया कि सोमवार की दोपहर साढ़े तीन बजे के बाद जब वह पुराना बाजार से ट्यूशन पढ़कर घर जा रही थी तो तेज गति में आई-20 कार उसके पास आकर रुकी। जिसमें दो युवकों ने जबरदस्ती उन्हें कार में बैठाकर खैरी रोड की तरफ भगा लिया।
छात्रा का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों के साथ काफी हाथापाई भी की और कार दो जगह दुर्घटनाग्रस्त होते-होते बची। जब खैरी रोड की तरफ कार को मोड़ पर तेज गति में कार जाने लगी तो कार चालक अनमोल का उसने हाथ पकड़ लिया तो कार अनियंत्रित होकर पाइप लाइन के मैनहोल से टकराकर पलट गई।
इस दौरान अपहरणकर्ताओं की तेज रफ्तार आई-20 कार की चपेट में आने से मोटरसाइकिल बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। मोटरसाइकिल पर भूना के वार्ड नंबर पांच निवासी संदीप कुमार व उसका मामा आजाद सिंह निवासी झांधकला घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी केंद्र में दाखिल किया गया। हालत गंभीर होने के कारण उनको अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
छात्रा के अपहरण मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़िता से घटनाक्रम में शामिल युवकों की पहचान के बारे में बात की। छात्रा ने एक अपहरणकर्ता की पहचान अनमोल तथा दूसरे के बारे में नामालूम बताया है। छात्रा के पिता की शिकायत पर एक नामजद तथा एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। -सृष्टी गुप्ता, एएसपी भूना।