{"_id":"5871355d4f1c1bf47f15868f","slug":"fatehabad-late-night-rain-benifitial-for-crops-fatehabad-harayana","type":"story","status":"publish","title_hn":"देर रात बरसात, किसानों के लिए आसमान से बरसा सोना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
देर रात बरसात, किसानों के लिए आसमान से बरसा सोना
अमर उजाला ब्यूरो, फतेहाबाद
Updated Sun, 08 Jan 2017 12:07 AM IST
विज्ञापन
ओलावृष्टि का दृश्य।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
जिले में शुक्रवार देर रात हुई बारिश व ओलावृष्टि ने मौसम में ठंड घोल दी। वहीं, शनिवार को दिनभर ठंडी हवा चली। किसानों ने मौसम में आए इस बदलाव से गेहूं की फसल को फायदा बताया है, जबकि चना और सरसों की फसल को नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, कृषि विशेषज्ञ ओलावृष्टि के कारण नुकसान होने की बात से इंकार कर रहे हैं। फतेहाबाद में एक, रतिया में दो और टोहाना में तीन एमएम बरसात दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन तक बादल आंशिक रूप से छाए रह रहेंगे और न्यूनतम पारा और लुढ़केगा।
बता दें कि दिसंबर बीत जाने के बाद भी तापमान सामान्य से अधिक चल रहा था। मौसम विभाग ने दो दिन पहले बारिश की संभावना जताई थी।
शुक्रवार देर रात जिले में कहीं तेज तो कहीं हल्की बूंदाबांदी हुई जो तकरीबन एक घंटे तक चली। कई गांवों में ओलावृष्टि भी हुई। किसानों ने बताया कि बरसात से गेहूं की फसल को फायदा है, जबकि ओलावृष्टि अगर दोबारा होती है तो ये फायदा नुकसान में भी बदल सकता है। सरसों और चने की फसल को अभी से नुकसान शुरू हो गया है। जिले में अभी तक एक लाख 87 हजार हेक्टेयर भूमि में गेहूं की बिजाई की गई है, जबकि चने की बिजाई आठ सौ एकड़ में बीजा गया है। इसके अलावा लगभग 14 हजार हेक्टेयर में सरसों की बिजाई की गई है। शुक्रवार देर रात फतेहाबाद में हुई बारिश से स्थानीय अनाजमंडी में खुले में रखी धान की बोरियां भी भीग गईं।
विज्ञापन
भूना में ओलावृष्टि से बिछ गई सफेद चादर
शनिवार अलसुबह भूना कस्बा के कई गांवों में हल्की बूंदाबांदी के बाद तेज ओलावृष्टि हुई। इससे सरसों की फसल व हरे चारे को नुकसान हुआ है। किसानों ने बताया कि सरसों की फसल को ओलावृष्टि से अधिक प्रभावित हुई है, जबकि गेहूं की फसल को कोई असर नहीं है। रहन खेड़ी के किसान कमल सिंह बराड़, जसबीर सिंह, बखशीश सिंह, गुरमेल सिंह, टिब्बी के सरपंच प्रतिनिधि रोहताश कुमार, कृष्ण कुमार, मानसिंह, रूलीराम आदि ने बताया कि बारिश के साथ तेज ओलावृष्टि हुई। इससे एक बार धरती सफेद हो गई थी और सुबह तक बर्फ के ओले ज्यों के त्यों पड़े थे। भूना के गांव रहनखेड़ी, कांनी खेड़ी, टिब्बी, ढाणी डूल्ट व डूल्ट में ओलावृष्टि होने की सूचना है। इस संबंध में कृषि विकास अधिकारी रामफल नैन ने बताया कि कुछ जगह पर ओलावृष्टि हुई है, हालांकि इससे नुकसान अधिक नहीं है।
विज्ञापन
टोहाना में शनिवार सुबह हुई बरसात ने जहां मौसम में ठंडक बढ़ा दी है, वहीं निचले स्थानों पर पानी जमा होने से आमजन को काफी परेशानी हुई। शनिवार को टोहाना और रतिया में तापमान में गिरावट आने से लोग अपने घरों में दुबके रहे। बारिश के कारण रतिया रोड, दमकौरा रोड, रामनगर, अनाज मंडी, गुप्ता कालोनी, मिलन चौक, बस स्टैंड सहित अन्य निचले स्थलों में पानी जमा हो गया।
अब छुट्टियां खत्म होने को आई तो बढ गई ठंड
प्रदेश सरकार की ओर से 25 दिसंबर से आठ जनवरी तक प्रदेश के तमाम स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया था। इस दौरान कई दिन तेज धूप निकलने से अधिक सर्दी नहीं देखी गई तथा बच्चों को आमतौर पर गलियों मे खेलता हुआ देखा गया। अब छुट्टियां खत्म होने को थी कि बारिश ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी है।
बस स्टैंड पानी से जलमग्न
डांगरा रोड स्थित सामान्य बस स्टैंड रोड से लगभग चार फुट नीचा होने से परिसर में पानी जमा हो गया। इससे यात्री काफी परेशान रहे और पानी से गुजरकर बसों तक पहुंचना पड़ा।
यूं रह सकता है तापमान
वार अधिकतम : न्यूनतम
रविवार 19 08
सोमवार 18 06
मंगलवार 17 04
बुधवार 18 03
वीरवार 19 04
शुक्रवार 19 06