फतेहाबाद में हादसा: नहाते वक्त भाखड़ा नहर में डूबने लगे जीजा-साले, एक को मनरेगा मजदूरों ने बचाया, दूसरे की तलाश
हरियाणा के फतेहाबाद जिले के एक गांव में नहाते वक्त जीजा-साले नहर में डूबने लगे। मनरेगा मजदूरों ने समय रहते साले को बाहर निकाल लिया। जबकि जीजा का तेज बहाव की वजह से कुछ पता नहीं चल सका। ग्रामीण और पुलिस देर शाम तक तलाश में जुटे रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गांव चांदपुरा के पास भाखड़ा नहर की मेन ब्रांच में नहाते समय एक युवक डूब गया जबकि दूसरे को मनरेगा मजदूरों ने बचा लिया। डूबा हुआ युवक गांव चांदपुरा में अपनी ससुराल आया था। वह अपने साले के साथ नहर में नहाने गया था। डूबे युवक की तलाश जारी है। देर शाम तक उसके बारे में कोई पता नहीं चल पाया। गांव चांदपुरा के पास भाखड़ा मेन ब्रांच में पानी का इस समय तेज बहाव चल रहा है। इस कारण भी ढूंढने में दिक्कत हो रही है।
गांव साधनवास निवासी 16 वर्षीय तरसेम अपने जीजा पंजाब के बुढ़लाडा क्षेत्र के गांव चक्क भाईके निवासी 32 वर्षीय बिट्टू के साथ मंगलवार दोपहर को चांदपुरा भाखड़ा मेन ब्रांच पर नहाने पहुंचा था। एक दूसरे का सहारा लेकर दोनों वहां पर पटरियों के किनारे नहा रहे थे।
पानी के तेज बहाव के कारण बिटटू नहर में गिर गया, जिसे देखते ही तरसेम ने अपने शरीर पर बांधे कपड़े को उसकी तरफ फेंकते हुए उसे बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान तरसेम भी पानी के तेज बहाव में बहने लगा। उनका शोर सुनकर नजदीक ही काम कर रहे मनरेगा मजदूर वहां पहुंच गए।
मनरेगा मजदूरों ने तुरंत तरसेम को बाहर निकाल लिया, लेकिन उसका जीजा बिट्टू पानी में बह गया। लोगों ने नहर में डूबे बिट्टू की काफी आगे तक तलाश की लेकिन पानी का तेज बहाव होने के कारण उसका कुछ भी पता नहीं चला। देर शाम तक गांव के लोग व पुलिसकर्मी उसकी तलाश में जुटे थे।
भाखड़ा नहर में एक युवक के डूबने की जानकारी मिली है। डूबे हुए युवक के बारे में फिलहाल कोई पता नहीं चल पाया है। तलाश की जा रही है। - विजेंद्र सिंह, प्रभारी, जाखल थाना।