शहर के सिरसा रोड पर बस स्टैंड चौकी से मात्र 100 मीटर दूर खुशीराम परमानंद पेट्रोल पंप के पास सड़क पार कर रही बुजुर्ग महिला के गले से युवक सोने का ताबीज छीनकर फरार हो गया। बुजुर्ग महिला सब्जी लेकर हिजरावां जाने के लिए सड़क पार कर रही थी। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है जिसमें युवक घटना को अंजाम देने के बाद मॉडल टाउन की तरफ भाग रहा है।
घटना की सूचना के बाद बस स्टैंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर युवक की तलाश में जुटी है। मामले के मुताबिक गांव हिजरावां कलां निवासी 65 वर्षीय महिला बालादेवी ने बताया कि बुधवार को अपनी पोतियों के साथ फतेहाबाद आई हुई थी। शिवालय मार्केट के सामने लगने वाली रेहड़ियों से सब्जी लेकर थ्री व्हीलर से घर जाने के लिए सड़क पार कर रही थी। जब डिवाइडर के ऊपर से गुजरी तो एक युवक आया और गले पर झपटा मारकर सोने का ताबीज छीनकर मॉडल टाउन की तरफ भाग गया, सोने का ताबीज करीब दो तोले का था। वहीं बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर छीना झपटी की वारदात से पहले मोटरसाइकिल भी चोरी हुआ था।
मामले में सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, युवक की तलाश की जा रही है। उम्मीद है जल्द ही युवक को पकड़ लिया जाएगा। कुछ देर पहले मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना भी आई थी। - महेंद्र सिंह, प्रभारी, बस स्टैंड चौकी।