रतिया। एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने फतेहाबाद के अलावा सिरसा जिले व पंजाब क्षेत्र से बाइक चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए युवक से 10 चोरी की बाइक बरामद की है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी देते हुए रतिया डीएसपी चंद्रपाल ने बताया कि एंटी व्हीकल थेफ्ट पुलिस की टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक चोरी की बाइक को पंजाब में बेचने की फिराक में है। जिस पर एंटी व्हीकल थेफ्ट पुलिस के रघुवीर, दिनेश और कश्मीर स्टाफ की टीम ने टी प्वाइंट कमाना रोड पर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान वहां से बाइक पर सवार एक युवक पंजाब की तरफ जा रहा था और पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़ गया। शक के आधार पर युवक को पकड़कर बाइक के दस्तावेज जांच की तो उक्त बाइक चोरी की निकली। उक्त युवक की पहचान गुरदीप सिंह निवासी तामसपुरा के रूप में हुई है। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने उक्त बाइक कुछ माह पूर्व टोहाना रोड आजाद मार्केट के पास से चोरी की थी। वही पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने फतेहाबाद से चार, रतिया से एक, सिरसा से एक, ऐलनाबाद से एक और सरदूलगढ़ से तीन बाइक चोरी की है।