लोहारू। वंदे भारत एक्सप्रेस के लोहारू जंक्शन आगमन पर वीरवार को पहले ही दिन यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा। निर्धारित समय से एक घंटा 30 मिनट की देरी से ट्रेन लोहारू स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन के आगमन पर भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद धर्मबीर सिंह ने स्टेशन पर वंदे भारत का स्वागत किया। इसके बाद ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सांसद ने लोहारू से महेंद्रगढ़ तक का सफर भी तय किया।
सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन केवल लोहारू और महेंद्रगढ़ ही नहीं, बल्कि आसपास के राजस्थान राज्य के लोगों के लिए भी एक बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे को आधुनिकता की दिशा में अग्रसर किया जा रहा है। वंदे भारत जैसी तेज और सुविधाजनक ट्रेनों से लोगों का समय बचेगा और दिल्ली व बीकानेर जैसे बड़े शहरों तक सफर और अधिक सुगम होगा। कार्यक्रम के दौरान ठुकराल सीनियर सेकेंडरी स्कूल और विवेकानंद स्कूल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सांसद ने मंच पर विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया।
लोहारू को जल्द मिलेगा 11 किलोमीटर का बाईपास, जाम से मिलेगी राहत
इस दौरान सांसद धर्मबीर सिंह ने यह भी घोषणा की कि लोहारू शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए 11 किलोमीटर लंबा बाईपास बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश के दादरी और झज्जर जिलों में भी नए बाईपास बनेंगे, जिससे दिल्ली तक यात्रा अधिक सुगम और तेज हो सकेगी। उन्होंने कहा कि रेल और सड़क दोनों यातायात के विकास से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां भी तेजी से बढ़ेंगी। यह आयोजन क्षेत्र में आधुनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।