भिवानी में सनसनीखेज वारदात: पिता ने खेत में लेजाकर पहले इकलौते बेटे को फिर खुद को मारी गोली, दोनों की मौत
हरियावास गांव में पुत्र को गोली मारने के बाद पिता ने खुद को भी गोली मार ली। घायल अवस्था में पिता, पुत्र ने हिसार के अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के भिवानी में हरियावास गांव में एक युवा किसान ने खेत में ले जाकर अपने आठ वर्षीय बेटे को गोली मार दी। बाद में पिता ने खुद की कनपटी पर भी गोली मार ली। घायल पिता-पुत्र को परिजन हिसार के निजी अस्पताल लेकर गए जहां दोनों की मौत हो गई। घटना की वजह क्या रही इस बारे में अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वारदात स्थल का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब दो बजे हरियावास गांव निवासी संदीप (35) घर से अपने बेटे को लेकर खेत में गया था। वहां जाने के कुछ समय बाद उसने अपने आठ वर्षीय पुत्र मयंक पर गोली चला दी। गोली लगने से मयंक घायल होकर जमीन पर जा गिरा। मयंक पर गोली चलाने के बाद संदीप ने अपनी कनपटी पर भी गोली दाग दी।
घटना की सूचना परिजनों को मिली तो वे सकते में आ गए और पिता-पुत्र दोनों को हिसार के एक निजी अस्पताल में लेकर गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने के कुछ समय बाद ही मयंक की मौत हो गई। वहीं, जिंदगी व मौत के बीच झूल रहे संदीप को चिकित्सकों ने बचाने का प्रयास किया पर कुछ समय बाद चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। हालांकि, गोली चलाने की वजह क्या रही इस बारे में किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिल पाई है। थाना प्रभारी संदीप शर्मा ने बताया कि पिता-पुत्र के शव को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
अच्छी खासी जमीन और साधन संपन्न था संदीप
संदीप दो भाईयों में बड़ा था। संदीप के एक ही लड़का था। संदीप के पास खेती के लिए अच्छी खासी जमीन थी। इसके अलावा गांव में साधन संपन्न लोगों में गिनती होती थी। अचानक हुई इस घटना से पूरा गांव अचंभित है कि कैसे संदीप ने इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया जिससे उसका हंसता-खेलता परिवार बिखर गया। ग्रामीणों के अनुसार, संदीप अपने बेटे से बेहद प्यार करता था व हमेशा अपने साथ रखता था। संदीप का छोटा भाई भी उसकी खेती के काम में ही मदद करता है।
अभी घटना के कारणों के बारे में पता नहीं चल पाया है। पुलिस अभी मामले की जानकारी जुटा रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। - अरविंद दहिया, डीएसपी, लोहारू