भिवानी। जूई थाना क्षेत्र के एक गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई दो युवतियों ने गांव के ही दो युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं। पीड़िताओं का कहना है कि आरोपियों ने दूसरे जिलों के रहने वाले दोस्तों के साथ मिलकर भी दुष्कर्म किया । महिला थाना पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि 22 अगस्त की रात को जूई थाना क्षेत्र के एक गांव से दो युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने आरोप लगाया था कि युवतियां उन्हें खाने में नींद गोलियां देकर कहीं चली गई। 28 अगस्त की रात को परिजनों को सूचना मिली कि दोनों लड़कियां हिमाचल में है। जिसके बाद परिजन उन्हें लेकर आए। रविवार को परिजन महिला थाने पहुंचे और गांव के ही एक जन प्रतिनिधि के बेटे और उसके दोस्त पर दुष्कर्म के आरोप लगाए। इतना ही नहीं कुछ अन्य लोगों पर भी रेप के आरोप लगाए। दोनों युवतियों ने बताया कि गोहाना, पानीपात, हिमाचल और जुई में उनके साथ दुष्कर्म किया गया। दो आरपीएफ के कर्मचारियों पर भी दुष्कर्म के आरोप है। शिकायत के बाद पुलिस ने मेडिकल करा जांच शुरू कर दी है। वहीं, गांव में इस बात के बाद विवाद चल रहा है। किशोरियों के एक परिजन ने बताया कि सरपंच के परिवार ने सोमवार को भी उनके साथ गाली-गलौज की और दोनों बेटियों के बारे में अपशब्द कहे।