भिवानी में अमित शाह की रैली: कहा- हरियाणा ने दिए धाकड़ वीर जवान, अग्निवीर बिना नौकरी नहीं रहेगा ये मेरी गारंटी
भाजपा के लिए गृह मंत्री की बहल रैली का असर लोहारू के अलावा पूरे भिवानी जिले में पड़ेगा। इसका कारण पिछले विधानसभा चुनावों की बात करें तो पिछली बार भिवानी जिले की सबसे हॉट सीट मानी जाने वाली तोशाम व लोहारू में भाजपा का पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बंसीलाल परिवार के साथ भाजपा का सीधा मुकाबला रहा था।
विस्तार
देश के गृह मंत्री अमित शाह आज को लोहारू विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी जेपी दलाल के पक्ष में बहल के खेल स्टेडियम में रैली में पहुंचे। अमित शाह की प्रदेश में यह पहली रैली रही। अमित शाह ने स्टार प्रचारक के तौर पर प्रदेश में चुनाव प्रचार की शुरुआत की।
सीएम फेस को लेकर कांग्रेस में लड़ाई- शाह
अमित शाह ने कहा कि लोगों ने 2014 में हमारी सरकार बनाई। 2019 में भी बनाई। अब क्या आप 2024 में सरकार बनाओगे। हरियाणा में कांग्रेस की अंदरूनी कलह किसी से छुपी नहीं है। चार-चार नेता सीएम फेस को लेकर लड़ाई कर रहे हैं। ऐसी पार्टी को क्या आप वोट दोगे।
भाजपा सरकार में न खर्ची न पर्ची चलती- शाह
उन्होंने कहा कि हमारी दस साल सरकार चली। पहले चौटालों की सरकार चलती थी। फिर हुड्डा साहब की सरकार चली। पहले नौकरी खर्ची और पर्ची पर मिलती थी। अब भाजपा की सरकार है। यहां न खर्ची चलती है और न पर्ची। नायब सिंह नए हरियाणा का संकल्प लेकर आगे बढ़े हैं, उसको आपको आगे बढ़ाना है।
आज 24 फसलों को एमएसपी पर खरीद रहे किसान- शाह
अमित शाह ने कहा कि मैं आज हुड्डा साहब को पूछना चाहता हूं, आपने भी कोई कम राज तो नहीं किया। आप एमएसपी पर कितना खर्च करते थे। चार ही क्रॉप पर एमएसपी पर खरीदते थे। आज 24 फसलों को एमएसपी पर खरीद रहे हैं। वह सिर्फ एमएसपी एमएसपी रटे रहते हैं। आज किसानों की फसल का एक भी दाना खाली नहीं रखेगा। नायब सैनी एक एक दाना की खरीद करेगा।
कश्मीर के ऊपर कोई आंख उठाकर देख नहीं सकता: शाह
अमित शाह ने कहा ये कांग्रेस के राहुल बाबा सुन लो हमारी बात, जब तक भाजपा की सरकार है कश्मीर के ऊपर कोई आंख उठाकर देख नहीं सकता। कश्मीर में धारा 370 हटी तो ये अच्छा हुआ या बुरा। ये कांग्रेस वाले फिर से इसे वापस लाना चाहते हैं। राहुल गांधी हम तो वे पार्टी हैं जो ये मानते हैं कि पाकिस्तान वाला कश्मीर भी हमारा है। किसानों और खिलाड़ियों की ये बात करते हैं। हमारी दस साल की सरकार ने कोई जिला ऐसा नहीं छोड़ा, जहां खेल का मैदान नहीं है।
कांग्रेस वाले अग्निवीर पर कर रहे राजनीति- अमित शाह
उन्होंने कहा कि मोदी जी ने तीनों क्षेत्र के अंदर दस साल में बहुत काम किए। मैं चौधरी बंसीलाल का स्मरण करते हुए उनको प्रणाम करता हूं। मैं यहां से हुड्डा साहब से पूछना चाहता हूं। हरियाणा के जवानों ने वन रैंक वन पेंशन मांगी थी, लेकिन आपने यह भी नहीं दिया।
अभी-अभी हम एक योजना लेकर आए हैं अग्निवीर की। ये कांग्रेस वाले राजनीति कर रहे हैं। ये कांग्रेस वाले इस योजना के लिए अफवाह फैला रहे हैं। हम अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण दे रहे हैं। पेंशन वाली नौकरी बीजेपी देने जा रही है, लेकिन ये कांग्रेस के लोग ये अफवाह फैला रहे हैं कि इन अग्निवीरों का क्या होगा। ये सिर्फ झूठ बोलते हैं। मैं ये गारंटी देता हूं कि कोई भी अग्निवीर बिना नौकरी नहीं रहेगा।
अमित शाह बोले कि कांग्रेस ने हरियाणा को क्या दिया
उन्होंने कहा मैं हुड्डा साहब से पूछना चाहता हूं, वोट मांगने का अधिकार सबको है, लेकिन हिसाब भी देना पड़ता है, अकाउंट भी देना पड़ता है। आप 10 साल रहे, ऊपर भी यूपीए की सरकार थी, हरियाणा को क्या दिया, केवल 41000 करोड़ रुपये दिए। मोदी जी ने 10 साल में 1 लाख 43000 करोड़ रुपया हरियाणा को दिया।
आरक्षण को किसी को भी छूने नहीं देंगे: अमित शाह
केंद्रीय मंत्री ने कहा राहुल बाबा ने अमेरिका में बयान दिया है कि हिंदुस्तान की सरकार आरक्षण को हटा देगी। मैं आपको यह कहकर जाता हूं कि जब तक हमारी सरकार है आरक्षण को किसी को भी छूने नहीं देंगे।
अकेले भिवानी जिले के किसानों को मोदी जी ने 247 करोड़ रुपये देने का काम किया है। 6 लाख 49 हजार लोगों का 5 लाख तक पूरा खर्चा स्वास्थ्य के क्षेत्र में माफ किया है। अब सरकार ने इसमें भी आय सीमा को खत्म कर दिया है, अब सभी 70 साल से ऊपर के व्यक्ति को फ्री इलाज सरकार दे रही है।
बेहल, भिवानी (हरियाणा): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, " देश को जब जरूरत पड़ी उस समय खाद्यान्न के भंडार भरने का काम मेरे हरियाणा के किसान ने किया है। अभी ओलंपिक और पैरालंपिक हुए। जब भारत का नाम उस तालिका में आता है, तो हमारा हरियाणा सबसे ऊपर होता है। हरियाणा ने धाकड़ वीर… pic.twitter.com/m6SdnhvD33
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 17, 2024
रैली में देरी से पहुंचने के कारण शाह ने मांगी माफी
अमित शाह ने कहा कि सबसे पहले मैं आप सभी से माफी मांगता हूं कि हेलिकॉप्टर लेट चलने के कारण देरी से पहुंचा। लोहारू वालों ने तो कमाल कर दिया। पंडाल भरकर लोग बाहर भी बैठे हैं। मैं छोटी काशी में आया हूं। मैं ये बताना चाहता हूं हरियाणा एक छोटा सा प्रदेश है, लेकिन पूरा देश हरियाणा को तीन बातों के लिए याद करता है। सबसे पहले आजादी के बाद जितने भी मोर्चे पर जवान गए, वह यहीं से गए। जब देश में खाद्यान्न का संकट पड़ा, तो खाद्यान्न के भंडार भरने का काम भी हरियाणा के किसानों ने किया है। अभी ओलिंपिक हुआ, इसमें भी हरियाणा सबसे ऊपर रहा। हरियाणा ने धाकड़ वीर जवान दिए, खिलाड़ी दिए।
#WATCH | Haryana: Addressing a public rally in Loharu, Union Home Minister Amit Shah says, "... Haryana is known for three things... The maximum number of soldiers on all fronts after independence have come from Haryana... The farmers of Haryana came to the rescue when we had to… pic.twitter.com/eFU2vqtKru
— ANI (@ANI) September 17, 2024
126 ऐतिहासिक फैसले लिए- सीएम
सीएम ने कहा कि मुझे 56 दिन बतौर मुख्यमंत्री काम करने का मौका मिला है। इतने कम समय में भी मैंने 126 ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। सब कहते हैं बहुत कम समय मिला है। इसलिए आप सबसे अनुरोध है कि बीजेपी को वोट देकर तीसरी बार सरकार बनाने का काम करें।
सीएम नायब सैनी ने किया अमित शाह का स्वागत
हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने भिवानी पहुंचने पर अमित शाह का बहुत-बहुत स्वागत और धन्यवाद किया। कहा कि गृह मंत्री जी आप हरियाणा में पहले भी आ चुके हैं, मैं अगर गलत नहीं हूं तो लोहारू की इस धरती पर आपका पहली बार आना हुआ है। मैं लोहारू के लोगों की ओर से आपका अभिनंदन करता हूं।
कांग्रेस अंग्रेजों की औलाद- रामबिलास शर्मा
बहल रैली के दौरान पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का दूसरा अवतार अमित शाह कुछ ही देर में आने वाले हैं। हरियाणा में 36 बिरादरी के लोग रहते हैं, लेकिन कांग्रेस इसको बांटने में लगे हुई है। कांग्रेस अंग्रेजों की औलाद है।
आज गरीब किसान का बेटा हरियाणा का मुख्यमंत्री बन गया है। रात दो बजे भी फोन करो, खड़ा मिलता है। वैसे ही हमारे जेपी दलाल विधायक हैं, रात को 12 बजे भी किसी ने फोन कर दिया तो उसकी समस्या का समाधान होता है।
खास बात यह है कि इस बार भाजपा ने गृह मंत्री के चुनाव प्रचार के लिए शहरी क्षेत्र की जगह ग्रामीण क्षेत्र को चुना है। इससे स्पष्ट है कि भाजपा ग्रामीण क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की सोच से चुनाव प्रचार को धार दे रही हैै। अमित शाह की रैली के लिए जहां भाजपा ने भिवानी जिले में ठेठ ग्रामीण क्षेत्र के तौर पर लोहारू विधानसभा क्षेत्र को चुना है।वहीं, लोहारू विधानसभा में भी लोहारू और सिवानी ब्लॉक के बीच के बहल ब्लॉक को चुना है, ताकि पूरे क्षेत्र में इसका सीधा असर आ सके। यहीं से भाजपा अपने स्टार प्रचारक अमित शाह की रैली की शुरुआत कर सीधे ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं को साधने का प्रयास करेगी। हालांकि, पिछले चुनाव में भी लोहारू विधानसभा के प्रत्याशी रहे जेपी दलाल के पक्ष में अमित शाह बहल की अनाज मंडी में रैली करने आए थे। उस समय केवल लोहारू विधानसभा की न होकर लोहारू व तोशाम विधानसभा विधानसभा की संयुक्त रैली थी।