भिवानी। लंबित मागों को लेकर 18 दिनों से हड़ताल कर रहीं आशा वर्कर्स ने सोमवार को नेहरू पार्क में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद सांसद आवास पर पहुंचकर प्रदर्शन किया, यहां पुलिस के साथ धक्कामुक्की हुई। यूनियन के पांच प्रतिनिधि सीटू के सुखदेव, राज्य उपाध्यक्ष कमलेश ने सांसद के आवास पर जाकर सिटी पुलिस इंस्पेक्टर के साथ ज्ञापन दिया। जल्द ही सरकार आशा वर्कर्स की मांगों का समाधान की मांग उठाई। हड़ताल की अध्यक्षता जिला प्रधान दर्शना बलियाली ने की व मंच संचालन जिला सचिव सुशीला ने किया।
सर्व कर्मचारी संघ जिला प्रधान ने कहा कि आशा वर्कर्स को न्यूनतम वेतन तक नहीं दिया जा रहा, कोविड के दौरान अतिरिक्त जोखिम भत्ते एवं कटी हुई प्रोत्साहन राशियों की बहाली की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। सीटू जिला प्रधान राममेहर सिंह ने सरकार पर आरोप लगाया है कि वह कोविड में ड्यूटी कर रही आशाओं के कोरोना योद्धाओं का नाम दे रही है। आशा वर्कर्स के समर्थन में कई संगठनों के पदाधिकारियों ने भी उनकी मांगों का समर्थन किया और जल्द से जल्द मांगें पूरी किए जाने की आवाज उठाई। शहर में प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा। कोरोना को लेकर विरोध प्रदर्शन करने वालों के लिए जारी की गई गाइडलाइन की भी धज्जियां उड़ीं। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर इतने आक्रामक हो गए कि वे सामुदायिक दूरी तो दूर, वहां मौजूद पुलिस कर्मचारियों के साथ ही धक्कामुक्की करने लगे। इस दौरान पुलिस ने भी काफी संयम से काम लिया और प्रदर्शन को संभाला। इस मौके पर यूनियन की राज्य उपाध्यक्ष कमलेश, जिला सचिव सुशीला, जिला प्रधान दर्शना बलियाली, हुकम कोर, लक्ष्मी, सीटू जिला प्रधान राममेहर सिंह, सर्व कर्मचारी संघ जिला प्रधान सुखदर्शन सरोहा, रोडवेज वर्कर्स यूनियन के राज्य उपप्रधान नरेंद्र दिनोद, ब्लॉक सचिव राकेश मलिक, सुशील कुमार, रविंदर, राजकुमार, सुशील कुमार, बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन के राज्य उपाध्यक्ष लोकेश कुमार, विनोद सांगा, राजेश लांबा, सीटू से भीम सिंह, ओमप्रकाश दलाल, जिला प्रधान करतार ग्रेवाल, ओम प्रकाश सैनी मौजूद रहे।