भिवानी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शनिवार को जिला मुख्यालय के अलावा तोशाम, सिवानी व लोहारू न्यायिक परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भिवानी ने सभी कोर्टों में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का निरीक्षण किया। उन्होंने कोर्ट परिसर के अधिकारियों, पक्ष व विपक्ष से बातचीत की।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कपिल राठी ने कहा कि लोक अदालत में अपराधिक मोटर वाहन दुर्घटना, पारिवारिक मामले, बैंक ऋण, दीवानी मामले, चेक बाउंस, राजस्व आदि से संबंधित मामले रखे। उन्होंने बताया लोक अदालत में कुल 13,227 में से 8,643 मामलों का निपटारा किया और 21,27,67,501 रुपये की कुल राशि का निपटान किया। वहीं लोहारू में 328 में से 145, तोशाम में 268 में से 178 सिवानी में 239 में से 161 मामलों का मौके पर ही निपटारा किया। इस दौरान प्राधिकरण के सचिव एवं न्यायाधीश ने बताया कि जिला मुख्यालय पर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अश्वनी कुमार, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रजनी यादव, प्रिंसिपल जज फैमिली कोर्ट अश्विनी कुमार मेहता, अतिरिक्त चीफ ज्यूडिशल मजिस्ट्रेट अमित गौतम, अविनाश यादव, अंशुमन सीजे, तोशाम कोर्ट में देवेंद्र, एसीजे (एसडी)- कम-एसडीजेएम, लोहारु कोर्ट में जितेंद्र सिंह, एसीजे (एसडी)-कम-एसडीजेएम, सिवानी कोर्ट में सुनील कुमार, एसीजे (एसडी)-कम-एसडीजेएम आदि की कोर्टों में मामले रखें। इस दौरान पैनल अधिवक्ता, बीआरसीएम और बिस्ट लॉ कॉलेज के लॉ स्टूडेंट, पैरा लीगल वालंटियर व सक्षम युवा भी उपस्थित रहे। संवाद