Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Ambala News ›   Pakistan Terrorist Shahzad Bhatti Directed Spy Cameras to Track Army Movement Across Four States

आतंकी शहजाद के इशारे पर लगे थे कैमरे: सेना की गतिविधियों पर नजर रखना था मकसद; चार राज्यों में लगे नौ सीसीटीवी

Wed, 25 Nov 2026 03:20 PM IST
Sharukh Khan वैभव शर्मा, अमर उजाला, अंबाला
वैभव शर्मा, अमर उजाला, अंबाला Published by: Sharukh Khan Updated Wed, 25 Nov 2026 03:20 PM IST
सार

आतंकी शहजाद के इशारे पर हैंडलर हसन गुज्जर ने अंबाला के एनएच-152 पर निगरानी कैमरे लगवाए थे। राष्ट्रीय राजमार्गों पर सेना की गतिविधियों पर नजर रखना मकसद था। मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। दुबई में बैठे पाकिस्तानी मूल के हसन गुज्जर को भी पुलिस ने आरोपी बनाया है।

विज्ञापन
Pakistan Terrorist Shahzad Bhatti Directed Spy Cameras to Track Army Movement Across Four States
हाईवे पर लगे कैमरे - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

सेना की आवाजाही और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अंबाला के राष्ट्रीय राजमार्गों पर सिम आधारित सोलर कैमरे लगाए जाने के मामले में पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित आतंकी शहजाद भट्टी के इशारे पर उसके हैंडलर हसन गुज्जर ने ये कैमरे लगवाए थे।
विज्ञापन


राष्ट्रीय राजमार्ग-152 पर कैमरे लगाने की साजिश में भी हसन गुज्जर की भूमिका सामने आई है। मामले में पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि पाकिस्तानी मूल का हसन गुज्जर अभी फरार है। जांच में हसन गुज्जर की संलिप्तता सामने आने के बाद उसे भी मामले में आरोपी बनाया गया है।
विज्ञापन

आरोपी मनप्रीत की जमानत याचिका खारिज

इस मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार बंसल की अदालत ने आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नी (25) की नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी है। सोमवार को सुनाए गए आदेश में अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राहत देने से इन्कार कर दिया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


 
Trending Videos

पंजाब के तरनतारन जिले के पट्टी क्षेत्र निवासी मनप्रीत के खिलाफ सदर थाना अंबाला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 (भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालना) और धारा 61 (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज है। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।

ओवरब्रिज पर मिले थे सिम आधारित सोलर कैमरे

26 फरवरी 2026 को सेक्टर-9 थाना अंबाला में तैनात एएसआई रवीश कुमार एक अन्य मामले की जांच के सिलसिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर गांव देवीगढ़ के पास पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग-152 के एक ओवरब्रिज पर संदिग्ध कैमरे लगे दिखाई दिए।

टोल प्लाजा प्रबंधन, एनएचएआई और ट्रैफिक पुलिस से पूछताछ की गई तो किसी ने भी इन कैमरों को अपना नहीं बताया। जांच में एक कैमरे के साथ सोलर प्लेट और वीआई कंपनी का सिम कार्ड लगा मिला। देश की सुरक्षा को खतरा होने की आशंका के चलते पुलिस ने कैमरे कब्जे में लेकर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

सिम कार्ड की जांच से खुली साजिश की परतें

पुलिस ने सिम कार्ड की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और केवाईसी दस्तावेजों की जांच की तो पंजाब के पट्टी निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नी, अनमोल और साहिल की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने तीनों आरोपियों से पूछताछ कर उन स्थानों की निशानदेही भी कराई, जहां कैमरे लगाए गए थे।

मनप्रीत और अनमोल के खिलाफ 10 जुलाई को, जबकि साहिल के खिलाफ 25 सितंबर को अदालत में चालान पेश किया जा चुका है। जांच में हसन गुज्जर का नाम भी सामने आया है। मूल रूप से पाकिस्तान का रहने वाला हसन फिलहाल दुबई में रह रहा है और पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

मनप्रीत के खिलाफ दिल्ली में भी दर्ज है मामला

जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने दलील दी कि मनप्रीत को झूठा फंसाया गया है। मामले में न तो कोई प्रत्यक्षदर्शी है और न ही सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है। आरोपी 2 जनवरी 2026 से हिरासत में है। वहीं, लोक अभियोजक ने जमानत का विरोध करते हुए आरोपों को गंभीर बताया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, मामले में संवेदनशील जानकारियां साझा की गई हैं और आरोपी के खिलाफ दिल्ली के लोधी कॉलोनी स्थित स्पेशल सेल थाने में भी इसी तरह का मामला दर्ज है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपों की गंभीरता और दिल्ली में दर्ज मामले को आधार बनाते हुए जमानत याचिका खारिज कर दी।
 

कौन है हसन गुज्जर

हसन गुज्जर को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क का सक्रिय सदस्य और उसका हैंडलर बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों के अनुसार, वह सीमा पार से ड्रोन के जरिये भारत में हथियार और विस्फोटक भेजने वाले मॉड्यूल से जुड़ा है। आरोप है कि वह अपने साथियों के माध्यम से इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भारतीय युवाओं को पैसे और विदेश में बसाने का लालच देकर नेटवर्क में शामिल करता है। इस नेटवर्क पर देश के विभिन्न राज्यों में टारगेट किलिंग, आईईडी विस्फोट और पेट्रोल बम हमलों की साजिश रचने के आरोप हैं।


 

यहां भी लगाए मिले थे कैमरे

जून 2026 में बठिंडा में राजमार्ग पर पुलिस और सुरक्षा बलों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एक खंभे पर लगाया गया सोलर कैमरा बरामद किया गया था। वहीं दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अप्रैल 2026 में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के सैन्य क्षेत्रों के पास ऐसे 9 कैमरों का पता लगाया था।

 

अंबाला में जो संदिग्ध सोलर आधारित कैमरे मिले थे उसमें दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के साथ मिलकर अंबाला पुलिस ने कार्रवाई की थी। स्पेशल सेल ने आरोपियों को पकड़ा था और इसके बाद अंबाला पुलिस ने तस्दीक कराई थी। अंबाला में संदिग्ध कैमरों के मामलों में जांच में पाकिस्तानी आतंकी के हैंडलर हसन गुज्जर का नाम सामने आया था। उसको पकड़ने के लिए सीबीआई के माध्यम से नियमानुसार कार्यवाही चल रही है।- अजीत सिंह शेखावत, एसपी, अंबाला
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed