{"_id":"66faf57f0b13bde6db07a6f8","slug":"haryana-rahul-gandhi-said-youth-of-haryana-are-arjun-will-break-the-maze-of-modi-government-2024-10-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana: राहुल गांधी बोले- हरियाणा के युवा अर्जुन हैं, तोड़ेंगे मोदी सरकार का चक्रव्यूह","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana: राहुल गांधी बोले- हरियाणा के युवा अर्जुन हैं, तोड़ेंगे मोदी सरकार का चक्रव्यूह
Tue, 01 Oct 2024 12:31 AM IST
भूपेंद्र सिंह
अमर उजाला ब्यूरो, अंबाला/कुरुक्षेत्र (हरियाणा)
अमर उजाला ब्यूरो, अंबाला/कुरुक्षेत्र (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Tue, 01 Oct 2024 12:31 AM IST
सार
कांग्रेस नेता ने जातिगत जनगणना का गणित समझाया। उन्होंने पिछड़ों-दलितों को साधने की कोशिश की। बेरोजगारी से पलायन कर रहे युवाओं के मन को छुआ तो अदाणी-अंबानी परिवार के उदाहरण दे भाजपा को घेरा।
विज्ञापन
मंच से संबोधित करते राहुल गांधी
- फोटो : X @INCIndia
विस्तार
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार और भाजपा पर हमला बोला। बहन प्रियंका गांधी के साथ विजय संकल्प यात्रा पर निकले राहुल ने पहले दिन नारायणगढ़ और थानेसर की जनसभा में कहा कि मोदी सरकार ने देश को फंसाने के लिए महाभारत की तरह चक्रव्यूह रचा है।
विज्ञापन
इस चक्रव्यूह को रचने वालों में 6 लोग नरेंद्र मोदी, अमित शाह, अदाणी, अंबानी, अजीत डोभाल व मोहन भागवत शामिल हैं। लेकिन हरियाणा का युवा अभिमन्यु नहीं अर्जुन है, जो इस चक्रव्यूह को तोड़ देगा।
विज्ञापन
राहुल गांधी ने कहा कि अदाणी सुबह उठते हैं तो खेत में मेहनत नहीं करते, फिर भी हर सुबह उनके बैंक अकाउंट में धड़ाधड़ पैसा आता है। जैसे सुनामी आती है वैसे पैसा आ रहा है। रोजगार के लिए विदेश जाने वाले युवाओं की परेशानियों का मुद्दा उठाते हुए राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री अमेरिका जाकर ट्रंप के गले मिलकर दाेस्ती के दावे कर रहे हैं और वही ट्रंप यहां के युवाओं का रास्ता बंद कर रहे हैं।
विज्ञापन
राहुल गांधी लोगों को जातिगत जनगणना का गणित समझाकर पिछड़े और दलित वोट बैंक को साधते दिखे। उन्होंने कहा कि जाति जनगणना कराकर हम देखना चाहते हैं कि किस जाति के कितने लोग हैं और उनको कितना हक मिल रहा है। क्षेत्रीय पार्टियों का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि छोटी पार्टियों का रिमोट कंट्रोल भाजपा के हाथ में है।
राहुल ने कहा कि भाजपा ने अग्निवीर के नाम पर फौजियों की पक्की नौकरी और पेंशन छीन ली। ये पैसा पूंजीपतियों को दिया जा रहा है। रैली में वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल भी शामिल हुए। राहुल और प्रियंका गांधी की यात्रा का यमुनानगर के सढौरा, मुलाना विधानसभा में दो सड़का और अंबाला के साहा में स्वागत किया गया। राहुल ने दो सड़का में लोगों को संबोधित भी किया।
10 साल में हरियाणा को सिर्फ अपमान मिला : प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने कहा कि 10 वर्षों से हरियाणा में भाजपा की सरकार है। इस सरकार ने आपको अपमानित किया। हर स्तर पर आपका निरादर किया। तीन काले कानून लाए, आपने विरोध किया। आपको आंसू गैस मिली, लाठियां मिलीं। एमएसपी का वादा किया गया था, जिन 24 फसलों पर यह एमएसपी दे रहे हैं, उसमें से 10 तो किसान यहां उगाता ही नहीं। यहां पर बेरोजगारी बताने की जरूरत नहीं। नौजवानों को बेरोजगारी मिली, अग्निवीर जैसी स्कीमें मिली। जहां आपको बताया गया कि चार साल बाद वापस आइये और फिर से बेरोजगार होकर संघर्ष कीजिए। पहलवानों के साथ जो किया सबसे देखा। उन्हें सड़क पर बैठाया। प्रधानमंत्री के पास पांच मिनट का मिलने का समय नहीं था। पेपर लीक और भर्ती न होने का भी प्रियंका गांधी ने मुद्दा उठाया।
हुड्डा और सैलजा का मंच पर मिलवाया हाथ
राहुल गांधी ने नारायणगढ़ के मंच पर आखिर में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद कुमारी सैलजा का हाथ मिलवाकर गुटबाजी खत्म करके एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की। गौरतलब है कि टिकट बंटवारे में अनदेखी, विधानसभा चुनाव का टिकट न मिलने और फिर जातिगत टिप्पणी से नाराज होकर सैलजा ने दो सप्ताह तक हरियाणा के चुनाव से दूरी बना ली थी। पिछले दिनों असंध में हुई राहुल गांधी की रैली से सैलजा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में एंट्री ली थी।