बेटी से छेड़खानी करने पर महिला ने दुकानदार को पीटा, वीडियो वायरल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश को गोरखपुर जिले के गोरखनाथ इलाके के शनिदेव मंदिर के पास स्थित संगम स्वीट्स नाम की दुकान पर सामान लेने गई 10 साल की बच्ची के साथ दुकानदार प्रमोद सिंह (62) ने अश्लील हरकत की। इस आशय का आरोप लगाते हुए बच्ची के घरवालों ने दुकानदार के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया है। इससे पहले, बच्ची ने घर जाकर इसकी जानकारी मां को दी तो वह दुकान पर पहुंच गई और उसने दुकानदार की पिटाई शुरू कर दी। वहां पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि सूचना पर पहुंची पुलिस महिला पर ही मारपीट का केस दर्ज करने की बात कहते हुए दबाव बनाने लगी, लेकिन इसी बीच वायरल वीडियो पर अफसरों की नजर पड़ गई। अफसरों के निर्देश पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, महिला अपनी बच्ची के साथ गोरखनाथ इलाके में रहती है। शुक्रवार सुबह बच्ची दूध लेने के लिए दुकान पर गई थी। आरोप है कि अकेला पाकर दुकानदार प्रमोद ने उसके साथ अश्लील हरकत की। बच्ची के विरोध करने पर आरोपी प्रमोद ने उसे छोड़ दिया। कहा कि घर पर जाकर कुछ मत बताना।
बच्ची घर पहुंची तो उसने मां को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मां अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ दुकान पर पहुंच गई। दुकानदार और महिला में बहस होने लगी। इसी दौरान महिला ने प्रमोद सिंह की पिटाई शुरू कर दी। मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाना शुरू कर दिया। थोड़ी ही देर में सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया।
‘मुझे जेल भेज दो पर इसके खिलाफ कार्रवाई जरूर करो’
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला पर मारपीट का आरोप लगाते हुए उन्हें जेल भेजने की बात कही। इस पर महिला ने कहा कि वह जेल जाने के लिए तैयार हूं, लेकिन दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इसके बाद पुलिस खामोश हो गई। इसी बीच मामले की जानकारी अफसरों को हो गई। उन्होंने पुलिस को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया।
वीडियो में आरोपी बोला- अब नहीं करूंगा गलती
वायरल वीडियो में आरोपी प्रमोद को बच्ची बताकर आरोपों को खारिज कर रहा है तो बाद में दोबारा गलती नहीं करने की बात भी कह रहा है। वीडियो के आधार पर भी पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
कई दिन से कर रहा था अश्लील हरकत
बच्ची की मां का आरोप है कि बेटी ने बताया है कि दुकानदार कई दिनों से उसके साथ अश्लील हरकत कर रहा था। आजिज आकर बेटी ने शुक्रवार को घरवालों को जानकारी दी।
आरोपी बोला-बकाया मांगने पर मुझे फंसाया गया
आरोपी दुकानदार प्रमोद सिंह का कहना है कि महिला पर उसके 546 रुपये उधार थे। उसे मांगने पर बेटी को आगे कर उसे फंसाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच करे तो सचाई सामने आ जाएगी। वह मेरी बच्ची के समान है।
एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।