गोरखपुर: संदिग्ध हाल में लापता हुआ ट्रांसपोर्टर, पहले ही दायरी में लिख दी थी अनहोनी की आशंका
लावारिस हालत में कार व मोबाइल बरामद, परिजनों ने दी तहरीर।
विस्तार
गोरखपुर नगर से सटे संसारपार गांव निवासी ट्रक मालिक अनिल सिंह बुधवार की रात आठ बजे पटना चौराहे के पास से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार की सुबह पटना पुलिस चौकी के पास से लावारिस हालत में उनकी कार व गाड़ी में रखा मोबाइल सहित अन्य कागजात बरामद किए हैं। पुलिस को कार में एक डायरी भी मिली है, जिसमें अनिल सिंह ने अपनी जान को खतरा बताते हुए आगाह किया है।
जानकारी के मुताबिक, लापता अनिल सिंह के बड़े भाई महेंद्र सिंह ने थाने में तहरीर दी है। इसमें उन्होंने कहा है कि मेरे भाई अनिल सिंह ट्रक ट्रांसपोर्टिंग हैं, जो बुधवार को घर से निकले और वापस नहीं आए। गुरुवार की सुबह तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोग खोजबीन करने लगे। उनकी गाड़ी पटना चौराहे पर पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर लावारिस हालत में मिली, जो लॉक थी।
घर से निकलते वक्त अनिल सिंह ने बताया था कि हमने ट्रक संख्या यूपी 53 डीटी 7596 उन्नीस लाख पचास हजार में बिहार निवासी कसया के रहने वाले अंकित शाही को बेचा है, जिसका एडवांस 2 लाख रुपये दिया था। बाकी 17 लाख 50000 रुपये देने के लिए बुधवार की शाम सात बजे बुलाया था।
बुधवार की रात करीब आठ बजे अनिल सिंह ने अपनी पत्नी को फोन करके बताया कि अंकित रुपये लेकर आ रहे हैं। मैं एक घंटे विलंब से रुपये लेकर घर पहुंचूंगा। नौ बजे के बाद जब उनकी पत्नी ने फोन किया तो वह बंद था। रातभर परिवार के लोग इंतजार करते रहे। व्यवसाय ठीक न होने के कारण इधर वह परेशान थे। इंस्पेक्टर मनोज राय ने कहा कि मामले को लेकर पुलिस सक्रिय है। मोबाइल और डायरी के आधार पर जांच जारी है।
डायरी में लिखी हैं यह बातें
कार से बरामद डायरी में पुलिस को इंगित करते हुए ट्रांसपोर्टर अनिल सिंह ने लिखा है कि मैंने उक्त ट्रक अंकित शाही को बेचा है, जो तमकुहीराज, कसया का रहने वाला है। उसका मोबाइल नंबर 9199554441 व 9155555010 है। उसने कहा था कि मैं आऊंगा और पूरी रकम दूंगा। वो आया, लेकिन रकम नहीं दी।
उसने कहा कि चलिए दोहरीघाट एक हमारी बस चलती है, उसका हिसाब करके आते हैं, तब आपको रुपये देंगे। दोहरीघाट से आते समय हमको एक बोतल पानी दिया और कहा कि भाई साहब पानी पी लीजिए। मैंने पानी पीया तभी सोचा कि मेरे साथ कोई न कोई बात हो रही है। इसी समय मैं थाना प्रभारी के नाम डायरी लिखनी शुरू कर दी। क्योंकि मुझे ऐसा लग रहा है कि ये हमारा मर्डर कर देंगे या हमको जहर खिला देंगे। मैंने उनसे कहा पेसाब लगी है, इसी दौरान 100 नंबर पर पुलिस को सूचित करना चाहा, किंतु मेरा मोबाइल बंद कर दिया गया।
ट्रक ओनर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री व अधिकारियों को किया ट्वीट
ट्रक ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष रत्नेश्वर मिश्र, योगेंद्र सिह, सुभाष तिवारी, सिद्धार्थ पाण्डेय, मनीष यादव, रामा जायसवाल आदि ने मुख्यमंत्री व अधिकारियों को ट्वीट कर ट्रांसपोर्टर अनिल सिंह की सकुशल वापसी की मांग की है।
सूचना देने वाले को पुलिस देगी इनाम
पुलिस की ओर से विज्ञप्ति जारी कर बताया गया है कि ट्रांसपोर्टर अनिल सिंह की जानकारी देने वाले को उचित इनाम दिया जाएगा। इनके बारे में कोई जानकारी हो तो थानेदार के मोबाइल फोन नंबर 9454403501, सीओ गोला के मोबाइल फोन नंबर 9454405210 और एसपी साउथ के मोबाइल फोन नंबर 9454401055 पर सूचना दे सकते हैं।