UP News: विधायक, एसएसपी के नाम की आईडी बनाकर ठगी करने वालों की संपत्ति जब्त
आमतौर पर पुलिस साइबर अपराधियों को पकड़ ही नहीं पाती है, लेकिन यह पहली बार हुआ है जब पुलिस ने साइबर अपराधियों की पहचान कर खुलासा किया। साथ ही पहली बार साइबर अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई भी की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर में विधायक फतेह बहादुर सिंह और एसएसपी रहे (वर्तमान में एसएसपी पीलीभीत) दिनेश कुमार पी और एक अधिवक्ता के नाम से फर्जी आईडी बनाकर जालसाजी करने वालों की संपत्ति जब्त कर ली गई।
पुलिस ने मथुरा निवासी बदमाश कासिम और वाहिद की संपत्ति डीएम के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त कर कार्रवाई की है। पुलिस ने मकान जब्त करने के साथ ही जमीन को भी जब्त करने के लिए कागजी कार्रवाई आगे बढ़ा दी है। जब्त की गई संपत्तियों की कीमत 33 लाख 82 हजार रुपये आंकी गई है।
दोनों आरोपी मथुरा जिले के गोवर्धन थाना क्षेत्र के मड़ौरा के स्थायी निवासी हैं। एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि 2020 में कैंपियरगंज (गोरखपुर) के विधायक फतेह बहादुर सिंह और फिर एसएसपी रहे दिनेश कुमार पी, अधिवक्ता नीरज शाही का सोशल मीडिया पर एकाउंट बनाकर रुपयों की जालसाजी की गई थी।
मामले की जानकारी होने पर तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। चार अक्तूबर 2021 को कैंट पुलिस ने गिरोह में शामिल कासिम, वाहिद, शाकिर और अंसार के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी।
अब पुलिस ने दो आरोपियों कासिम और वाहिद की संपत्तियों का ब्योरा जुटाया और जब्त करने की कार्रवाई की है। एसपी ने बताया कि खोराबार प्रभारी निरीक्षक प्रदीप शुक्ला ने अपनी टीम के साथ जाकर मथुरा प्रशासन व पुलिस के सहयोग से जब्ती की कार्रवाई की है।
साइबर अपराधियों पर इस तरह की पहली कार्रवाई
आमतौर पर पुलिस साइबर अपराधियों को पकड़ ही नहीं पाती है, लेकिन यह पहली बार हुआ है जब पुलिस ने साइबर अपराधियों की पहचान कर खुलासा किया। साथ ही पहली बार साइबर अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई भी की है। एसपी सिटी ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।