हत्यारे प्रिंस के चेहरे पर नहीं शिकन: जान-बूझकर कार चढ़ाई, वह नहीं चाहता था कि...; कबूलनामा सुनकर सब रह गए दंग
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने गुरुवार को भोर में ही अंकिता का अंतिम संस्कार कर दिया। पोस्टमार्टम स्थल से लेकर अंतिम संस्कार तक पुलिस फोर्स तैनात रही। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि आरोपी प्रिंस यादव पुत्र विरेंद्र वर्ष 2020 से ही अंकिता के पीछे लगा था।
विस्तार
अंकिता यादव की कार से रौंदकर हत्या करने के आरोपी कुशीनगर के सुकरौली क्षेत्र के गणेशपुर निवासी प्रिंस यादव को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। प्रिंस ने पुलिस के सभी सवालों के जवाब दिए। उसने स्वीकार किया कि जानबूझकर अंकिता पर कार चढ़ाई थी। वह उसकी शादी नहीं होने देना चाहता था, लेकिन इतनी बड़ी घटना को अंजाम देने के बाद भी प्रिंस को कोई पछतावा नहीं है। वह अंकिता की मौत से बिल्कुल भी दुखी नजर नहीं आया।
आरोपी प्रिंस ने पूछताछ में बताया कि वह कार से टक्कर मारकर अंकिता के हाथ-पैर तोड़ना चाहता था, ताकि उसकी शादी न हो सके। कार बेकाबू होने की वजह से उसकी जान चली गई। पुलिस ने प्रिंस को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वहीं देर रात पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने गुरुवार को भोर में ही अंकिता का अंतिम संस्कार कर दिया। पोस्टमार्टम स्थल से लेकर अंतिम संस्कार तक पुलिस फोर्स तैनात रही। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि आरोपी प्रिंस यादव पुत्र विरेंद्र वर्ष 2020 से ही अंकिता के पीछे लगा था। वह मोबाइल फोन से बातचीत भी करता था। मई में अंकिता की शादी तय हो गई, इसके बाद वह प्रिंस से बातचीत बंद कर दी थी। फिर भी आरोपी उसके पीछे पड़ा था और शादी का दबाव बना रहा था। अंकिता की मां ने दोनों की शादी का प्रयास भी किया, लेकिन प्रिंस की खराब आदतों की वजह से वे पीछे हट गईं।
अंकिता गंगोत्री देवी पीजी कॉलेज में स्नातक तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। वहीं प्रिंस यादव हाटा के एक कॉलेज से बीए तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। वह किसी भी हाल में अंकिता की शादी नहीं होने देना चाहता था। उसने दस दिन पहले कुशीनगर के राजीव प्रजापति से पांच सौ रुपये प्रतिदिन के किराए पर कार ली थी।
मंगलवार को प्रिंस अयोध्या से कार चलाते हुए सुबह नौ बजे बरहुआ गांव में आया। गांव में कार इधर-उधर घुमाई। इसी बीच उसे कॉलेज जा रही अंकिता दिखी। इसके बाद वह कार लेकर सहजनवां की तरफ निकल गया। सुबह करीब 10:45 बजे अंकिता सड़क किनारे बंधे के पास खड़ी होकर ऑटो का इंतजार कर रही थी। तभी सहजनवां की तरफ से तेज रफ्तार कार चलाते हुए प्रिंस आया और अंकिता को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई।
आरोपी को भी छात्रा के घरवालों ने भर्ती कराया
इस पूरी घटना में छात्रा के परिजनों की तारीफ हो रही है। अंकिता को टक्कर मारने के बाद कार पलट गई थी, उसमें बैठा प्रिंस भी घायल हो गया था। परिजनों ने उस समय छात्रा के साथ ही प्रिंस को भी घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया था।
क्षेत्र के बरहुआ की रहने वाली अंकिता यादव (20) पुत्री शिवशंकर शहर के गंगोत्री कॉलेज में स्नातक की छात्रा थी। तीन दिनों की छुट्टी के बाद बुधवार को कॉलेज जाने के लिए सुबह करीब दस बजे सड़क किनारे बंधे के पास ऑटो का इंतजार कर रही थी।
इसी दौरान सहजनवां से गोरखपुर की ओर आ रही एक तेज रफ्तार कार अंकिता को रौंदते हुए डिवाइडर से टकराकर पलट गई थी। यह देख आसपास के लोग दौड़े और छात्रा के पास पहुंचे लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। उधर, टक्कर के बाद कार के भी परखचे उड़ गए थे, लेकिन चालक को ज्यादा गंभीर चोट नहीं लगी थी।
आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया गया था। पुलिस ने पहले उसे जिला अस्पताल पहुंचाया पर बाद में मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया था। उसकी पहचान कुशीनगर जिले के हाटा थाना के गणेशपुर गांव के प्रिंस यादव के रूप में हुई थी।