President Visit: 100 बच्चों के साथ लाइट एंड साउंड शो का आनंद उठाएंगे राष्ट्रपति, तैयारियां हुई तेज
राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी बैठक की। चार जून को गोरखपुर आगमन पर महामहिम रामगढ़ताल की खूबसूरती भी निहारेंगे।
विस्तार
गोरखपुर गीताप्रेस के शताब्दी वर्ष समारोह में चार जून को गोरखपुर आ रहे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रामगढ़ ताल की खूबसूरती निहारेंगे। साथ ही 100 बच्चों के साथ लाइट एंड साउंड शो का आनंद भी उठाएंगे। राष्ट्रपति के आगमन पर कार्यक्रमों की लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार देर शाम अधिकारियों के साथ बैठक कर हर व्यवस्था को चाक चौबंद करने की हिदायत दी।
गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रामगढ़ताल क्षेत्र में राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर साफ सफाई व सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। रामगढ़ताल की जेटी पर राष्ट्रपति साउंड एंड लाइट शो का अवलोकन करेंगे। इस अवसर पर वहां 100 बच्चे भी उपस्थित रहेंगे। इन बच्चों द्वारा महामहिम का स्वागत भी किया जाएगा।
गोरखनाथ मंदिर में संस्कृत वेदपाठी बच्चे करेंगे राष्ट्रपति का स्वागत
गोरखनाथ मंदिर में बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर यहां राष्ट्रपति की अगवानी को लेकर हो रही तैयारियों का जायजा भी लिया। राष्ट्रपति यहां बाबा गोरखनाथ का दर्शन पूजन करेंगे। उनके आगमन पर संस्कृत वेदपाठी बच्चों द्वारा वैदिक रीति से उनका स्वागत किया जाएगा।
सीएम ने की विकास कार्यों की समीक्षा, अवैध टैक्सी स्टैंड हटाने के निर्देश
गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी की। इस मौके पर उन्होंने अवैध टैक्सी स्टैंड हटाने तथा स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि रोडवेज की बसें सड़क पर न खड़ी रहें। सड़क सुगम यातायात का माध्यम होना चाहिए। किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं दिखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को सेफ सिटी प्रोजेक्ट से जोड़ने और सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत डायल 112 की गाड़ियों को हाईवे पर निरंतर पेट्रोलिंग की हिदायत भी दी। उन्होंने कहा कि जब बदलाव दिखेगा तो लोग भी विकास के साथ जुड़ेंगे।
तैयारी ऐसी करें कि मोहल्लों में न हो जलभराव
सीएम ने बरसात के पूर्व जल निकासी के इंतजामों की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन नालों को पूर्ण कराने तथा सभी नालों की सफाई का निर्देश दिया। उन्हें बताया गया कि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मार्ग पर बन रहा नाला 15 दिन में पूरा हो जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी तैयारी की जाए ताकि महानगर के मोहल्लों में जलभराव न हो। मुख्यमंत्री ने आयुष विश्वविद्यालय व सैनिक स्कूल के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इन दोनों के निर्माण में और तेजी लाई जाए। सीएम ने सड़क किनारे सभी नालियों को ढकने के साथ ही जनपद व शहर के सभी प्रवेश द्वारों को कचरा मुक्त रखने की हिदायत दी। इसकी जिम्मेदारी उन्होंने नगर निगम व नगर पंचायतों को सौंपी। इस दौरान उन्होंने देवरिया बाईपास को फोरलेन बनाने के काम में तेजी लाने तथा महानगर के जर्जर बिजली के तारों को बदलने और भूमिगत केबल बिछाने के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।