गोरखपुर के रामगढ़ताल किनारे जगमगाती रोशनी से नहा रहे नया सवेरा की चमक शनिवार की रात तब और चटख हो गई जब राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपने परिवार के साथ लाइट एंड साउंड शो देखने पहुंचे। उनके साथ पत्नी सविता कोविंद, बेटी स्वाती कोविंद के अलावा राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्कूलों के विद्यार्थी भी मौजूद रहे।
President Visit Gorakhpur: महामहिम की आमद...रात में रामगढ़ताल किनारे हुआ ‘नया सवेरा’
नौकायन के जेटी पर राष्ट्रपति ने लाइट एंड साउंड शो देखें। इस शो की अवधि पहले 40 मिनट थी, लेकिन राष्ट्रपति के समय को देखते हुए इसे छोटा किया गया था।
आरपीएम एकेडमी के 70 समेत विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के 100 बच्चों ने शाम होते ही नया सवेरा की सीढ़ियों पर पहले ही जगह सुरक्षित कर ली थी। रात करीब आठ बजे महामहिम अपने परिवार और राज्यपाल, मुख्यमंत्री के साथ नया सवेरा पहुंचे, बच्चों ने पूरी उत्साह से उनका जोरदार स्वागत किया। कई बच्चों के हाथ में राष्ट्रपति के स्वागत वाली तख्तियां थी तो कुछ के हाथ में गुलाब के फूल।
राष्ट्रपति ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद रामगढ़ताल में आवाज और रोशनी की जो जुगलबंदी शुरू हुई, तो हर कोई मंत्रमुग्ध हो उठा। यही नहीं, हवा के साथ चेहरों पर पड़ रही रिमझिम फुहारें भी महामहिम का ध्यान नहीं भटका सकीं।
प्रस्तुति के दौरान एक-एक कर गोरखपुर की ऐतिहासिकता, प्रमुख स्थलों का अध्याय, जैसे-जैसे आगे बढ़ता रहा, नया सवेरा पर बैठे महामहिम समेत सभी लोगों के चेहरों के भाव बदलते रहे। रोशनी ने जैसे ही गुरु गोरक्षनाथ की तस्वीर खींची सभी के चेहरों पर भक्ति के भाव उभर गए। प्रेमचंद की तस्वीर सामने आते ही थोड़ी देर के लिए लोग उनकी कृतियों में खो गए। राष्ट्रपति ने बच्चों से मुलाकात की और उन्हें खूब पढ़ने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान एडीजी अखिल कुमार, कमिश्नर रवि कुमार एनजी, डीआईजी जे. रविंद्र गौड़, डीएम विजय किरन आनंद, एसएसपी डॉ विपिन ताडा, जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह, आरपीएम एकेडमी के चेयरमैन अजय शाही, वाइस चेयरमैन आराधना शाही, प्रधानाचार्य लता समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
नए उत्तर प्रदेश के नए गोरखपुर के साक्षी बने राष्ट्रपति
लाइट एंड साउंड शो के जरिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद नए भारत के नए उत्तर प्रदेश के नए गोरखपुर के साक्षी बने। गुरु गोरक्षनाथ की तपोभूमि गोरखपुर और महान समाज सुधारक संत कबीर की साधना स्थली मगहर के लिए दो दिवसीय दौरे पर पधारे राष्ट्रपति ने शनिवार रात गोरखपुर की नैसर्गिक झील रामगढ़ताल की खूबसूरती का दीदार किया। झील का निखरा सौंदर्य देख वह प्रफुल्लित हो उठे। रामगढ़ताल की जेटी से उन्होंने साउंड एंड लाइट शो का आनंद उठाया। करीब 45 मिनट के साउंड एंड लाइट के लेजर शो के जरिए राष्ट्रपति शिवावतारी गुरु गोरखनाथ, गोरक्षपीठ के मूर्धन्य महंतजनों, महान साहित्यकार प्रेमचंद, फिराक गोरखपुरी के व्यक्तित्व व कृतित्व की गाथा से रूबरू हुए। लाइट एंड साउंड शो में भगवान श्रीराम के पुत्र कुश की नगरी तथा भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर व संतकबीर की साधना स्थली मगहर के बारे में भी जानकारी दी गई।
बच्चों से मिले राष्ट्रपति, बातचीत कर खूब पढ़ने, आगे बढ़ने को किया प्रेरित
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जब रामगढ़ ताल की जेट्टी पर पहुंचे तो वहां बड़ी संख्या में बच्चे उनके स्वागत के लिए मौजूद थे। ‘वेलकम टू गोरखपुर ऑनरेबल प्रेसिडेंट’ लिखी तख्तियां लिए इन बच्चों के पास पहुंचे राष्ट्रपति ने न केवल उनका अभिवादन स्वीकार किया, बल्कि करीब 10 मिनट तक वह उनसे बातचीत करते रहे। आत्मीय संवाद करते हुए राष्ट्रपति ने इन बच्चों को खूब आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने कुछ बच्चों से खाने-पीने को लेकर हंसी ठिठोली भी की। साउंड एंड लाइट शो का आनंद उठाकर जाते वक्त भी राष्ट्रपति ने हाथ हिलाकर बच्चों का अभिवादन स्वीकार किया।