गोरखपुर: मुठभेड़ में घायल बदमाश धर्मदेव को पुलिस ने भेजा जेल, मिथुन गैंग का है सदस्य
पुलिस ने आरोपी के पास से डबल बैरल बंदूक और बाइक बरामद की थी। पुलिस ने इंस्पेक्टर की तहरीर पर धर्मदेव पर हत्या की कोशिश, आर्म्स एक्ट का केस दर्ज किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखुपर जिले के रामनगर कड़जहां फोरलेन पर रविवार की रात करीब 11:15 बजे पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश धर्मदेव को पुलिस ने सोमवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। अंधेरे का फायदा उठाकर भागे साथी की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है। रविवार की रात घायल होने के बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया था।
धर्मदेव खोराबार के पोखरा टोला में दिव्या दुबे की हत्या का आरोपी है और उसकी तलाश में पुलिस टीम काफी दिनों से थी। पुलिस ने आरोपी के पास से डबल बैरल बंदूक और बाइक बरामद की थी। पुलिस ने इंस्पेक्टर की तहरीर पर धर्मदेव पर हत्या की कोशिश, आर्म्स एक्ट का केस दर्ज किया है। वह गौरीबाजार थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार की रात पुलिस को देवरिया के गौरीबाजार के गौरीबुजुर्ग गांव निवासी बदमाश धर्मदेव के आने की सूचना मिली थी। इसपर रामनगर कड़जहां चौकी प्रभारी चंदन सिंह और क्राइम ब्रांच की टीम ने कड़जहां मोड़ पर घेराबंदी शुरू की। इस दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक आते दिखे। रुकने का इशारा करने पर युवकों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने खुद को बचाते हुए जवाबी फायरिंग की। इसमें एक युवक के पैर में गोली लग गई। जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला। घायल युवक की पहचान धर्मदेव के रूप में की गई।
धर्मदेव पर दस मुकदमे, मिथुन गैंग का है सदस्य
धर्मदेव पर विभिन्न वारदातों में दस मुकदमे दर्ज हैं। खोराबार में हत्या की कोशिश, गैर इरादतन हत्या, आर्म्स एक्ट, लूट, गौरीबाजार में लूट, गैंगस्टर के केस उस पर दर्ज हैं। धर्मदेव चौरीचौरा पुलिस पर हमला करने के आरोपित मिथुन गैंग का सक्रिय सदस्य है। मिथुन को कुछ दिन पहले ही मुठभेड़ में गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेजा था।
दिव्या के भाई आकाश का दोस्त है धर्मदेव
धर्मदेव बीते 6 जून को खोराबार इलाके के पोखरा टोले में हुई दिव्या दूबे की हत्या में भी शामिल था। इस मामले में पुलिस ने दिव्या के भाई आकाश को हत्यारोपित के रूप में जेल भी भेज चुकी है। पुलिस की जांच में सामने आया था कि आकाश ने दिव्या की हत्या दोस्त धर्मदेव के साथ मिलकर की थी। इसके बाद से ही पुलिस को धर्मदेव की तलाश थी।
बंगलुरु में भी हत्या में है वांछित
आरोप है कि कुछ साल पहले धर्म देव ने बंगलुरु में अपने दोस्त की भी हत्या कर दी थी और वहां से फरार हो गया। उसके खिलाफ वहां पर भी मुकदमा दर्ज है जिसमें वह वांछित है। उसकी तलाश में बंगलुरु पुलिस भी लगी थी।