पिपराइच हत्याकांड: पुलिस को फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार, तंत्रमंत्र के एंगल पर भी हो रही जांच
एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट अभी नहीं आ सकी है। इसके बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी। जांच व साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों को पकड़कर पर्दाफाश कर लेगी।
विस्तार
गोरखपुर में पिपराइच थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में अपहृत राजू की लाश मिलने की गुत्थी सुलझा रही पुलिस तांत्रिक के एंगल पर भी काम करना शुरू कर दी है। लेकिन, पुलिस को अभी फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है। क्योंकि पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और शरीर पर चोट के निशान भी नहीं मिले हैं।
यही वजह है कि पुलिस पहले मौत की वजह को स्पष्ट करना चाहती है, जिसके बाद ही आरोपियों को दबोचा जाएगा। खबर है कि चार महीने से गांव में राजू के परिवार का संबंधी ही तंत्रमंत्र करा रहा था, उसी में बलि देने की भी आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, बसंतपुर निवासी राजू 18 नवंबर को लापता हो गया था। बाद में सिर कटी लाश कुशीनगर जिले की सीमा में गांव के सिवान में शव दाह गृह के पास झाड़ी में मिली थी। पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी और जहर से आशंका जताते हुए बिसरा सुरक्षित कर लिया गया।
बिसरा को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस रिपोर्ट के इंतजार में है। क्योंकि मौत की वजह स्पष्ट हुए बिना किसी भी आरोपी को हत्यारा साबित कर पाना पुलिस के लिए आसान नहीं होगा। यही वजह है कि प्रेम संबंध, जुआ और अब तंत्रमंत्र की बात सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
पुलिस अपने स्तर से साक्ष्य जुटाना चाहती है कि ताकि मौत की वजह स्पष्ट होने पर जांच को उसी दिशा में आगे बढ़ाया जाए और घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
यह हुआ था
पिपराइच इलाके के बसंतपुर गांव निवासी संजय कुमार का बेटा राजू 18 नवंबर को घर से निकला था। उसे गांव के ही अर्जुन निषाद के बेटे के साथ साइकिल पर जाते हुए देखा गया था। देर शाम अर्जुन का बेटा तो वापस आ गया। लेकिन, राजू नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने उसके मोबाइल पर फोन करना शुरू किया तो बंद मिला। इसके बाद रविवार को गांव के सिवान पर शवदाह गृह के पास उसका क्षत विक्षत शव मिला। सिर गायब था और जबड़ा दूर पड़ा था। शव को ठिकाने लगाने के लिए फेंका गया था।
एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट अभी नहीं आ सकी है। इसके बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी। जांच व साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों को पकड़कर पर्दाफाश कर लेगी।