छोटा बिजनेस शुरू करने के लिए इस योजना का उठा सकते हैं लाभ, बिना गारंटी के मिलेगा लोन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अगर आप कोई छोटा व्यवसाय करना चाहते हैं और पूंजी की आवश्यकता है तो आज के समय में सबसे बेहतर विकल्प मुद्रा का शिशु लोन है। इस समय सरकार की ओर से इस लोन पर आपको ब्याज में दो प्रतिशत की छूट भी मिलेगी। यह छूट अगले 12 महीनों तक रहेगी। यानी अगले साल अप्रैल तक इस छूट का लाभ उठाया जा सकता है।
शिशु लोन के तहत 50 हजार रुपये तक का कर्ज मिलता है। सरकार का मकसद इस माध्यम से छोटे स्तर पर व्यापार करने वालों की सहायता करना है। ऐसे में कोरोना संकट के बीच केंद्र सरकार ने छोटे कारोबार को फिर से खड़ा करने के लिए या फिर नया कारोबार शुरू करने के लिए शिशु लोन की ब्याज दर पर छूट देने का एलान किया है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने मुद्रा शिशु लोन पर ब्याज में दो फीसदी छूट का एलान किया है। उन्होंने कहा है कि यह छूट अगले 12 महीने तक होगी। दरअसल शिशु लोन स्कीम मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी मुद्रा योजना का हिस्सा है।
बिना गारंटी उपलब्ध होता है लोन
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत देश के युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने के लिए बिना गारंटी के बैंकों से लोन उपलब्ध कराया जाता है। मुद्रा योजना के तहत 50 हजार से 10 लाख तक का लोन मिल जाता है। मुद्रा योजना में तीन तरह के लोन दिए जाते हैं। 50 हजार तक के लोन शिशु योजना के तहत, 50 हजार से 5 लाख तक के लोन किशोर योजना के तहत और 5 लाख से 10 लाख तक के लोन तरुण योजना के तहत दिए जाते हैं।
ऐसे कर सकते हैं मुद्रा लोन के लिए आवेदन
आवेदक एक से अधिक बैंकों का चयन कर सकता है। किस बैंक या वित्तीय संस्थान से लोन लेना चाहते हैं यह निश्चित कर लें। बैंक को दस्तावेजों के साथ लोन आवेदन फॉर्म भरकर जमा करना होगा। मुद्रा लोन के लिए उस सरकारी या किसी अन्य बैंक या वित्तीय संस्थान में आवेदन देना होगा, जो मुद्रा लोन देता हो।
आवेदन के लिए आपके कारोबार की पूरी जानकारी/प्लान सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। आवेदन सही पाए जाने पर बैंक या वित्तीय संस्थान मुद्रा लोन पास करेगा और आवेदक को मुद्रा कार्ड प्रदान किया जाएगा।
आवेदन फार्म के साथ देने होंगे यह दस्तावेज
मुद्रा लोन के लिए आपको आवेदन फॉर्म के साथ कुछ दस्तावेज जमा करने होंगे। लोन की राशि, व्यापार की प्रकृति, बैंक नियमों आदि के आधार पर दस्तावेजों की संख्या कम या ज्यादा हो सकती है। मुद्रा लोन आवेदन, बिजनेस प्लान या प्रोजेक्ट रिपोर्ट, पहचान संबंधी दस्तावेज जैसे पैन कार्ड, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र आदि। एक से ज्यादा आवेदकों की स्थिति में पार्टनरशिप संबंधी दस्तावेज (डीड), टैक्स रजिस्ट्रेशन, बिजनेस लाइसेंस आदि।
निवास के प्रमाण संबंधी दस्तावेज, आवेदक की छह महीने से कम पुरानी तस्वीरें, मशीन या अन्य सामग्री का कोटेशन जिसे खरीदना चाहते हैं, साथ ही जहां से खरीदेंगे उस सप्लायर या दुकानदार के बारे में जानकारी, श्रेणियां (एससी/एसटी/ओबीसी/अल्पसंख्यक), अगर लागू हो तो पिछले दो वर्षों की बैलेंस शीट और प्रोजेक्टेड बैलेंस शीट (दो लाख से ऊपर के लोन पर)।
इस वेबसाइट पर जाकर ले सकते हैं मुद्रा योजना की जानकारी
भारतीय स्टेट बैंक के डीजीएम पीसी बरोड़ ने कहा कि मुद्रा योजना में बिना गारंटी के लोन मिलता है। लोन के लिए प्रोसेसिंग चार्ज का प्रावधान भी नहीं है। देश का कोई भी नागरिक जो अपना कारोबार शुरू करना चाहता है, योजना के तहत आवेदन कर सकता है। मुद्रा स्कीम के तहत शिशु लोन लेने वालों को 12 महीने तक सरकार ब्याज में दो फीसदी तक छूट देगी।