गोरखपुर: 19 नवंबर से जुटेंगे 18 मंडलों के जिम्नास्ट, स्पोर्ट्स कॉलेज में होगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
आयोजन को गोरखपुर मंडल में जिम्नास्टिक के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही दूसरे मंडलों के खिलाड़ियों से मुकाबला करने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा।
विस्तार
जिले के जिम्नास्टिक खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। खेल निदेशालय और जिम्नास्टिक संघ के समन्वय से 19 से 21 नवंबर तक वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में सीनियर बालक-बालिका जिम्नास्टिक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश के 18 मंडलों की टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ी उत्साहित हैं।
आयोजन को गोरखपुर मंडल में जिम्नास्टिक के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही दूसरे मंडलों के खिलाड़ियों से मुकाबला करने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा। आयुष कश्यप ने अंडर-14 स्कूल नेशनल प्रतियोगिता 2025-26 में कोलकाता में प्रतिभाग किया। वहीं, कुमारी तनु यादव ने आगरा में आयोजित 70वीं माध्यमिक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रिदमिक जिम्नास्टिक के अलग-अलग इवेंट में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया। अब खिलाड़ियों की नजरें जिले में होने वाली प्रतियोगिता पर हैं।
इस प्रतियोगिता का आयोजन गोरखपुर मंडल के खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इससे नए खिलाड़ियों को काफी लाभ मिलेगा। -सीमा विश्वकर्मा, जिम्नास्टिक प्रशिक्षिका, रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम
अंडर-14 स्कूल नेशनल में कोलकाता में प्रतिभाग किया है। गोरखपुर में प्रतियोगिता होने से सभी में उत्साह है। अपनी तैयारी को और बेहतर करने का मौका मिलेगा। -आयुष कश्यप, जिम्नास्ट
प्रतियोगिता से प्रदेश के खिलाड़ियों को अपना प्रदर्शन बेहतर करने और कमियों में सुधार करने का मौका मिलेगा। -अकरम परवेज, सचिव, जिला जिम्नास्टिक एसोसिएशन
आगरा की 70वीं माध्यमिक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रिदमिक जिम्नास्टिक के अलग-अलग इवेंट में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। गोरखपुर में प्रतियोगिता को लेकर बेहतर प्रदर्शन की तैयारी कर रही हूं। तनु यादव, जिम्नास्ट
