Gorakhpur Weather: जलवायु परिवर्तन के चलते दिख रहा बदलाव, फिर बदलेगा मौसम
गोरखपुर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान है। हालांकि अभी सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद कम ही है। 20 जनवरी तक धुंध और सर्द हवाओं के चलते लोगों को कंपकंपाती सर्दी का सामना करना पड़ेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
साइबेरिया की हवा से बढ़ी ठंड के चलते मंगलवार को भी पूरे दिन लोग कांपते रहे। हालांकि, न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से ऊपर रहा, लेकिन सर्दी का एहसास 5 डिग्री से कम वाला था। विशेषज्ञों का कहना है कि यह जलवायु परिवर्तन का असर है। दिसंबर में जहां तापमान 25 डिग्री के आसपास था, तो वहीं जनवरी में 15 तारीख के बाद का तापमान 15 डिग्री से नीचे है। बुधवार को फिर तापमान बढ़ेगा, लेकिन अभी सर्दी से राहत नहीं मिलेगी।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. सूर्यकांत बताते हैं कि जलवायु परिवर्तन के चलते मौसम चक्र में बदलाव हो रहा है। अब दिसंबर में ठंड कम पड़ रही है, जबकि फरवरी में इसका असर हो रहा है। इसके चलते बारिश के दिन भी कम हो गए हैं। अगस्त-सितंबर में कुछ दिन मूसलाधार बारिश के बाद अचानक मौसम बदल जा रहा है। वहीं गर्मी के दिन बढ़ गए हैं। इसके चलते ठंड के मौसम में भी बदलाव दिख रहा है।
बता दें कि बीते शनिवार को इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही, जब न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं अधिकतम तापमान भी 11 डिग्री सेल्सियस ही रहा। मंगलवार को इसमें इजाफा हुआ और न्यूनतम तापमान 8.9 दर्ज किया गया, लेकिन इससे सर्दी के सितम में कोई कमी नहीं आई। लोग पूरे दिन गर्म कपड़ों से लदे होने के बाद भी शरीर को गर्म रखने के लिए अलाव, हीटर, ब्लोअर आदि का सहारा लेते रहे। शाम को गलन और सर्द हवाओं के चलते राह चलते लोगों को कंपकंपी महसूस हो रही थी। बाइक चलाने वाले सर्दी से परेशान थे।
इसे भी पढ़ें: राप्तीनगर विस्तार टाउनशिप की निर्माण अवधि बढ़ाने पर दिया जोर
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बुधवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान है। हालांकि अभी सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद कम ही है। बताया जा रहा है कि 20 जनवरी तक धुंध और सर्द हवाओं के चलते लोगों को कंपकंपाती सर्दी का सामना करना पड़ेगा।
ऐसे मौसम से बच के रहना जरूरी
जनरल फिजिशियन डॉ. राजेश कुमार बताते हैं कि ऐसा सर्द मौसम जल्दी बीमार बनाता है। बुजुर्गों, अस्थमा, उच्च रक्तचाप और हृदय रोगियों को सुबह-शाम टहलने से परहेज करना चाहिए। शरीर को गर्म रखने के लिए कमरे में हल्के व्यायाम कर सकते हैं। ऐसे मौसम में खाने पर भी ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि शारीरिक गतिविधि कम होने के कारण मधुमेह और उच्च रक्तचाप के बढ़ने का खतरा अधिक होता है।
बंद कमरे में न जलाएं अंगीठी
सर्दी से बचने के लिए आमतौर पर लोग अंगीठी या अलाव जलाते हैं। ऐसा करते वक्त यह ध्यान रहे कि इसे खुली जगह पर ही जलाएं। बंद कमरे में अंगीठी जलाने से कार्बन मोनो ऑक्साइड एकत्रित हो जाएगा, जिससे दम घुट सकता है। इसके अलावा अगर ब्लोअर या हीटर कमरे में चला रहे हैं तो इस बात का ध्यान रहे कि कोई न कोई खिड़की जरूर खुली रहे। क्योंकि कमरे की हवा ब्लोअर के चलते गर्म होती जाती है। अगर कमरा चारों तरफ से बंद होगा तो सांस लेने में दिक्कत आ सकती है।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में बोले सीएम योगी, चुनाव में जीत के लिए मजबूत बूथ और मतदाताओं से संवाद जरूरी
पूरे दिन ठंड से बचने का विकल्प तलाशते रहे, शाम को गलन और बढ़ी
सर्दी का सितम मंगलवार को भी कम नहीं हुआ। सुबह से ही सर्द हवाओं और गलन के चलते लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही। दिन भर लोग सर्दी से बचने का उपाय खोजते रहे। शाम को हवा और गलन और बढ़ गई। अभी चार दिन तक इसी तरह से मौसम के बने रहने की संभावना है।
साइबेरिया की तरफ से चली सर्द हवाओं ने तापमान को एकदम से नीचे गिरा दिया। बीते शनिवार को न्यूनतम पारा 4.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। यह इस सीजन की सबसे सर्द रात थी। रविवार और सोमवार को भी ठंड में राहत मिलने की आसार नहीं दिखे। लोगों को उम्मीद थी कि मकर संक्रांति के दिन से मौसम बदलेगा, लेकिन ठीक उसके उल्टा हुआ।
इसे भी पढ़ें: प्रदेश की सबसे उम्रदराज शेरनी स्वस्थ होने की कर रही जद्दोजहद, 21 की हो चुकी मरियम
सोमवार को ठंड के चलते पूरे दिन लोग कांपते रहे। मंगलवार की सुबह भी अत्यधिक सर्दी का एहसास हो रहा था। हालांकि भोर में न्यूनतम तापमान 8.9 दर्ज किया गया, लेकिन इससे ठंड से राहत नहीं मिली। दिन में एक बार अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। कुछ बादल कम हुए और लगा कि जल्दी ही धूप निकलेगी। लेकिन कुछ ही देर बाद मौसम फिर पलट गया। देर शाम ठंड व गलन और बढ़ गई।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.