खुशखबर: पंचायत चुनाव के बाद शुरू होगा वाटर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, सीएम करेंगे लोकार्पण
- वीसी के जरिए मुख्य सचिव ने की जिले के विकास कार्यों की समीक्षा
- बोले- समय पर पूरी की जाए परियोजनाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंचायत चुनाव के बाद रामगढ़ताल के पास बन रहे भव्य वाटर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का शुभारंभ हो जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि मई में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इसका लोकार्पण करेंगे। बृहस्पतिवार को प्रदेश के मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान कमिश्नर जयंत नार्लिकर ने बताया कि 15 अप्रैल तक वाटर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि गोरखपुर में वेटनरी कॉलेज की स्थापना के लिए भूमि की व्यवस्था जल्द कराई जाए। इसपर डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि 42 एकड़ भूमि की उपलब्धता एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित करते हुए उसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी जाएगी।
पर्यटन विकास की समीक्षा के दौरान डीएम ने बताया कि गुरूद्वारा, सूर्यकुंड धाम के सुंदरीकरण का काम भी 31 मार्च तक पूरा हो जाएगा। इसका लोकार्पण भी जल्द ही प्रस्तावित है। मुख्य सचिव ने गोलघर के जलकल में बन रहे मल्टी लेवल पार्किंग का काम भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
प्राणि उद्यान की समीक्षा के दौरान डीएम ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। सभी जानवर भी आ चुके हैं। इसी सप्ताह में इसका लोकार्पण प्रस्तावित है। मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग को फर्टिलाइजर जाने वाली सड़क को टू लेन से फोरलेन करने, गोरखपुर सोनौली मार्ग, गोरखपुर खजनी मार्ग आदि को तय समय पर पूरा करने को कहा। साथ ही बताया कि कलेक्ट्रेट की नई इमारत के लिए जल्द ही शासन से पूरी धनराशि अवमुक्त हो जाएगी।
चिलुआताल के पर्यटन विकास कार्यों की दी जानकारी
समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने राप्ती नदी से कालेसर बंधे के सुंदरीकरण तथा चिलुआताल के पर्यटन विकास कार्यों के बारे में बताया। कहा कि इसके लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य चल रहा है। जल्द ही शासन स्तर से धनराशि अवमुक्त होने की जानकारी दी गई है।
कमिश्नर ने मुख्य सचिव को बताया कि नौसड़ से पैडलेगंज सड़क को सिक्स लेन तथा चौरीचौरा शहीद स्मारक की सड़क का प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है। स्वीकृति मिलते ही काम शुरू हो जाएगा। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान सीडीओ इंद्रजीत सिंह, उपाध्यक्ष जीडीए आशीष कुमार समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कम्हरिया घाट का काम 94 फीसदी पूरा
समीक्षा के दौरान बताया गया कि कम्हरिया घाट पर गोरखपुर -आंबेडकर नगर के मध्य बनने वाले पक्के पुल एवं एप्रोच निर्माण का 94.44 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है । इसपर 72.32 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसी तरह चौरीचौरा व गौरीबाजार के बीच उपरगामी पुल का निर्माण कार्य 95.12 फीसदी पूरा हो चुका है। मलौनी बांध पर तरकुलानी रेगुलेटर के पास पंपिंग स्टेशन का काम आखिरी चरण में है। यह भी बताया गया कि अमृत कार्यक्रम के तहत गोरखपुर सीवरेज योजना उत्तरी भाग की भौतिक प्रगति करीब 82 फीसदी तथा दक्षिणी भाग की प्रगति करीब 55 प्रतिशत है। रामगढ़ ताल के चारों तरफ बेल्डर पिचिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है।